कोई भी क्रीम लगा लेने से नुकसान, झाइयां हटने की जगह चेहरे पर आते हैं बाल

मध्‍य प्रदेश के जबलपुर में नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में चर्म रोग विशेषज्ञ एवं लेजर सर्जन डा. अमरेंद्र पांडे ने पाठकों की त्वचा संबंधी समस्या का किया निदान। बोले- किसी भी व्यक्ति (जो कि चर्म रोग विशेषज्ञ नहीं है) से पूछकर या किसी से सुनकर कोई भी क्रीम के उपयोग से त्वचा संबंधी गंभीर रोग हो सकता है।

HIGHLIGHTS

  1. बाजार में गोरा होने से लेकर चेहरे के दाग हटाने के लिए कई क्रीम बिक रही है।
  2. कुछ लोग त्वचा (स्किन) एलर्जी में सीधे दवा खरीदकर सेवन आरंभ देते हैं।
  3. चर्म रोग विशेषज्ञ बोले- परामर्श के बिना किसी दवा का सेवन नहीं करें।

Skin Problem : झाइयां हटने की जगह स्त्रियों के चेहरे पर बाल आने लगते हैं। यह बात चर्म रोग विशेषज्ञ एवं लेजर सर्जन डा. अमरेंद्र पांडे ने नई दुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए कहा। बाजार में गोरा होने से लेकर चेहरे के दाग हटाने के लिए कई क्रीम बिक रही है। कुछ लोग त्वचा (स्किन) एलर्जी में बाजार से सीधे दवा खरीदकर सेवन आरंभ देते हैं। बाद में इसका दुष्प्रभाव देखा जाता है। त्वचा का रंग निखारने के लिए उपयोग की गई क्रीम से नए दाग बन जाते हैं।

किसी से सुनकर कोई भी क्रीम के उपयोग से गंभीर रोग हो सकता

डा. अमरेंद्र पांडे ने बुधवार को पाठकों के त्वचा संबंधी समस्या का निदान बताते हुए उनका उचित मार्गदर्शन किया। त्वचा संंबंधी समस्या पर चर्म रोग विशेषज्ञ से परामर्श के बिना किसी भी प्रकार की दवा का सेवन नहीं करने का परामर्श दिया है। किसी भी व्यक्ति (जो कि चर्म रोग विशेषज्ञ नहीं है) से पूछकर या किसी से सुनकर कोई भी क्रीम के उपयोग से त्वचा संबंधी गंभीर रोग हो सकता है।

सवाल: मेरे चेहरे पर झाइयां है। दवा दुकान से एक क्रीम लेकर लगाती हूं। यह सही दवा है क्या? – किरण कुमारी, तेंदूखेड़ा

जवाब: आप जिस क्रीम का उपयोग कर रही है, उसमें स्टेरायड होता है। विशेषज्ञ से परामर्श के बिना स्टेरायड नहीं लेना चाहिए। यह त्वचा के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अपने जो अन्य लक्षण बताए है वह टापिकल स्टेरायड डैमेज फेस (टीएसडीएफ) के लग रहे हैं। एक बार किसी चर्म रोग विशेषज्ञ से परामर्श कर लें।

सवाल: हेयर डाय लगाने के कारण सिर में काली पपड़ी बन रही थी। अब चेहरे पर भी काले निशान आ रहे है? – विजय कुमार, सिविल लाइंस

जवाब: आप जिसे काली पपड़ी समझ रहे है, वह सेबोरिक डर्माटाइटिस हो सकता है। यह एक्जिमा का एक रुप है। आपको किसी चर्म रोग विशेषज्ञ से मिलना चाहिए। त्वचा संबंधी कोई अन्य संक्रमण ना हो, यह भी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

सवाल: बुखार होने पर दवा दुकान से गोली लिया था। बुखार तो ठीक हो गया, लेकिन त्वचा पर लाल चकत्ते हो गए है। खुजली होती है? – गीता, बिलपुरा

जवाब: चिकित्सक को दिखाना चाहिए था। दवा दुकान से सीधे दवा लेना ठीक नहीं है। दवा के उपयोग से एलर्जी की आशंका है। चिकित्सक से एक बार अवश्य जांच कराए। तब तक कुछ सावधानी रखें। जैसे अधिक ठंडे-गर्म पानी से स्नान ना करें। सूती के कपड़े पहनें। स्किन न्यूट्रल साबुन-शेंपू का प्रयोग करें।

सवाल: बालों पर एक्सपायरी तिथि वाला तेल लगा लिया था। माथे में फुंसी हो रही है। बाल सफेद होने लगे है? – गौरव, बंदरिया तिराहा

जवाब: जिसे आप फुंसी समझ रहे है, वह मुंहासे हो सकते है। इसके उपचार में एंटी फंगल पावडर प्रभावी नहीं होता है। माइस्चराइजर क्रीम लगाएं। उस पर तेल व बाम का प्रयोग ना करें। चर्म रोग विशेषज्ञ फुंसी के आकार और स्थिति को देखकर और बेहतर उपचार प्रदान कर सकते है।

सवाल: जांघ के बीच खुजली होती है। कालापन आ गया है। दुकान से दवा लिया, लेकिन आराम नहीं मिल रहा है? – महेंद्र ठाकुर, मंडला

जवाब: टिनिया क्रूरिस का मामला है। एक संक्रामक फंगल संक्रमण है। पहले यह रोग उचित दवा के सेवन से 10-15 दिन में ठीक हो जाता है। अब 12-15 सप्ताह का समय लगता है। उपचार और बचाव में लापरवाही से यह साथ रहने वाले स्वजन को हो सकता है। इसलिए अपने कपड़े रखें। उसे कोई और ना पहनें। आप भी कपड़े हो हर बार अच्छी तरह धोकर एवं सुखाकर पहनें। आवश्यकतानुसार संक्रमण मुक्ति के पदार्थ भी कपड़े धाेने में प्रयोग करें।

सवाल: मेरी आयु 41 वर्ष है। बाल तेजी से झड़ रहे है? – रामेंद्र, गोरखपुर

जवाब: यह आयु के साथ होने वाली समस्या है। तनाव के कारण भी होता है। इस आयु में आहार में प्रतिदिन 80 ग्राम प्रोटीन लें। पनीर, सोया में प्रचुर प्रोटीन होता है। प्रोटीन बाल के लिए महत्वपूर्ण होता है। आठ घंटे की नींद पूरी करें। सल्फेट मुक्त शेेंपू का उपयोग करें। चर्म रोग विशेषज्ञ से मिलकर स्वस्थ्य बाल के लिए पीआरपी जैसी प्रक्रिया भी कर सकते है।

सवाल: त्वचा पर दाग है। लेजर ट्रीटमेंट का परामर्श मिला है। क्या लेजर उपचार सुरक्षित होता है? – रागिनी जायसवाल, कटनी

जवाब: किसी ब्यूटी पार्लर वाले की सलाह है तो बचें। यदि किसी चर्म रोग विशेषज्ञ ने कहा है, तो करा सकते है। यह ध्यान रखें कि लेजर एक विशेष उपकरण है। इसके उपयोग के लिए डर्मेटोलाजिस्ट ही अधिकृत है। पहले जांच ले कि लेजर मशीन यूएस से मान्य प्राप्त हो। चिकित्सक की डिग्री और क्लीनिक पंजीकृत हो। लेजर से सुरक्षित कुछ नहीं है। वह मात्र रोग के केंद्र को लक्ष्यित करता है। संबंधित संक्रमण को समाप्त करता है। त्वचा के किसी अन्य अंश को नुकसान नहीं होता। यह तब संभव है जब वह चर्म रोग में विशेषज्ञता के साथ कुशल सर्जन हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button