42 घंटे खोदाई कर बनाई चैनल आधी रात को बांध से पानी की निकासी शुरू

धार. धार जिले के गांव कोठीदा में कारम नदी पर निर्माणाधीन बांध को सुरक्षित करने का प्रयास शनिवार देर रात करीब एक बजे सफल होता नजर आया। बांध की बगल में 42 घंटे से बनाई जा रही चैनल से पानी की निकासी रात करीब एक बजे शुरू हो गई। मिट्टी के बांध के नजदीक से तैयार की गई चैनल से बड़ी मात्रा में पानी निकल रहा है। इस तरह की कवायद से बांध सुरक्षित है और पानी भी निकलता जा रहा है। हालांकि पानी की निकासी के लिए अभी भी व्यापक स्तर पर काम करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। कारण यह है कि पानी बहुत कम गति से निकल रहा है। गनीमत यह है कि बारिश नहीं हुई है यदि बारिश होती तो इतना पानी निकलना एक सामान्य बात होती। फिलहाल संकट कम हुआ है।

लगातार तीसरे दिन भी पानी के रिसाव से बांध के टूटने का जो खतरा बना हुआ था, उससे राहत जरूर मिली है। समानांतर चैनल खोदाई पर काम अनवरत जारी है, यह रविवार को पूर्ण करने का दावा किया जा रहा है। दरअसल, शनिवार सुबह से रिसाव बढ़ रहा था और बांध के पास पानी की निकासी के लिए जो चैनल बनाई जा रही थी, उसकी राह में सुबह करीब 11 बजे चट्टान आने से कार्य प्रभावित हो गया था। खतरे को देखते हुए शुक्रवार देर रात पहुंचे सेना के 200 जवानों ने व्यवस्था हाथ में ले रखी है। शनिवार को तीन बार सेना के हेलिकाप्टर से बांध स्थल का अवलोकन भी किया गया। धार-धामनोद समेत स्थानीय मार्गों को प्रशासन ने बंद रखा है। हालांकि, आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग को शुरू कर दिया गया है।

naidunia

मुख्यमंत्री शिवराज ने कलेक्टर से कहा… ये परीक्षा की घड़ी

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। बांध की निगरानी की कमान खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संभाल ली है। शनिवार सुबह मंत्रालय स्थित सिचुएशन रूम से मुख्यमंत्री ने बांध की स्थिति को लेकर मौके पर मौजूद जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित अधिकारियों से बात की। उन्होंने धार के कलेक्टर से कहा ‘पंकज, जीवन में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं। हमें जनधन, पशुधन को बचाना है। ये परीक्षा की घड़ी है।’ उन्होंने कहा कि आइआइटी रुड़की के प्रो. एनके गोयल और बांध सुरक्षा के राष्ट्रीय विशेषज्ञ से भी वे परामर्श कर काम कर रहे हैं। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को भी स्थिति की जानकारी दी। शिवराज देर रात तक बांध की हर स्थिति पर नजर बनाए रहे और अपडेट लेते रहे।

naidunia

अब तक उठाए गए कदम…

गुरुवार को मिट्टी के 600 मीटर लंबे बांध में पानी का रिसाव शुरू हो गया था। शुक्रवार को मिट्टी धंसने से रिसाव बढ़ गया। धार के 12 और खरगोन के छह गांवों को खाली करवाना पड़ा। शुक्रवार देर रात सेना के 200 जवान पहुंचे। उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव व जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट मौके हैं।

कांग्रेस ने बनाया जांच दल

बांध में लीकेज व अनियमितताओं की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने आठ सदस्यीय जांच दल गठित किया है। इसमें धार के जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह गौतम, विधायक उमंग सिंघार, सुरेंध सिंह हनी बघेल, संजय शुक्ला समेत अन्य शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button