BJP Meeting; मध्य प्रदेश में 30 साल तक पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराएगा-अमित शाह

"/>

BJP Meeting; मध्य प्रदेश में 30 साल तक पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराएगा-अमित शाह

BJP Meeting: ग्वालियर केन्द्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा मैं गारंटी से कहता हूं भारतीय जनता पार्टी का विजय अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। जिस दिन पूरी दुनिया भारत माता के जयकारे लगाएगी, उस दिन यह लक्ष्य पूरा होगा।

अमित शाह बोले- विजय आपका स्वभाव है

उन्होंने कहा मध्य प्रदेश के कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए बने हैं। विजय आपका स्वभाव है, आपका पराक्रम है और विजय ही आपका लक्ष्य है। हमें लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।

नये सदस्यता अभियान का शुभारंभ

अमित शाह ने कहा कि मैं गारंटी से कहता हूं 30 साल तक मध्य प्रदेश में पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का भगवा परचम लहराता रहेगा। उन्होंने नये सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, वन मंत्री भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव सहित संगठन के राष्ट्रीय प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।

150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, मध्य प्रदेश का कार्यकर्ता देवदुर्लभ और अनुभवी है। मध्य प्रदेश के कार्यकर्ता ने चुनाव जीते भी हैं और जिताए भी हैं। आज हम जिस पद पर भी हैं, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही हैं। यह चुनाव भाजपा के भविष्य का चुनाव है। भारतमाता के वैभव को परम शिखर पर पहुंचाने का चुनाव है। नरेन्द्र मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाकर करोड़ों गरीबों के जीवन में जनसंघ के दीप के उजियारे को प्रदीप्त करने का चुनाव है। हम सभी को मिलकर चुनाव अभियान में जुटना है। इस चुनाव में हमें 150 सीटें जीतकर कांग्रेस को परास्त करना होगा।

हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति पहचानें कार्यकर्ता

शाह ने कहा ग्वालियर श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया के पुण्य से सींची हुई भूमि है, जहां एकात्म मानववाद को सबसे पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने प्रतिपादित किया था। यह स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की कर्मभूमि है। आज यहां चार पीढ़ी के कार्यकर्ता बैठे हैं। उन्होंने कहा एक बार की विजय अगली विजय के उत्साह को पैदा करती है, परंतु बार-बार विजय मिले तो आलस्य पैदा होता है। इसलिए आलस्य को त्याग कर पूरे उत्साह से जुटना होगा। भगवान हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति पहचान कर अपने बूथ पर पूरे प्राणप्रण से जुटना होगा। मुझे पूरा विश्वास है, जिस बूथ पर हमारा कार्यकर्ता पूरी मजबूती से खड़ा हो जाएगा, वहां भले ही 100 कांग्रेस कार्यकर्ता क्यों न आ जाएं, पटखनी देने के लिए काफी है।

छिंदवाड़ा से करें विजय संकल्प अभियान की शुरुआत

श्री शाह ने कहा 2019 में 29 में से 28 जिताने वाला कार्यकर्ता मेरे सामने बैठे हैं। इसलिए संकल्प लें लोकसभा चुनाव में इस बार सबसे पहले छिंदवाड़ा की सीट जीतकर विजय संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगे। इस संकल्प को अगर हमें सिद्ध करना है तो 2023 में डेढ़ सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा का भगवा एक बार फिर मध्य प्रदेश में लहराना होगा।

विजय संकल्प लेकर जाएं- तोमर

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक को शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने किया। प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रस्तावना रखी। राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक, प्रह्लाद पटेल व फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रस्ताव के समर्थन में संबोधन दिया। प्रस्तावना में तोमर ने कहा यह बैठक उस पावन धरा पर हो रही है, जहां पं दीनदयाल उपाध्याय के एकात्मवाद के विचार ने आकार लिया था। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की अनुपस्थिति में अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष कांतिदेव ने की।

naidunia

भारत माता के वैभव को शिखर पर पहुंचाना है

केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा भाजपा कार्यकर्ता पहले राष्ट्रवाद, फिर पार्टी और तीसरे नंबर पर स्वयं के बारे सोचता है। हम सबका एक ही उद्देश्य है भारत माता को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना है। हम लोग केंद्र और राज्य की गौरवशाली नेतृत्व से आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। हमारे पर डबल इंजन की सरकारों की गौरवपूर्ण उपलब्धियां हैं। इन उपलब्धियों की जन-जन तक पहुंचाना है।

जब गोपाल भार्गव हुए नाराज

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाहर मंत्री गोपाल भार्गव नाराज हो गए। नाराज होने की वजह लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव को सुरक्षा गार्डों ने गेट पर रोका था। सुरक्षा गार्डों के द्वारा गेट पर रोकने को लेकर मंत्री कार्यसमिति की बैठक से बाहर निकल रहे थे। मंत्री गोपाल भार्गव ने सुरक्षा गार्डों पर भड़कते हुए जताई नाराजगी। इसके बाद हाथ जोड़कर मंत्री को मनाते दिखे सुरक्षा कर्मी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button