गर्मी का सितम, बारिश करेगी खत्म, UP में बरसेंगे मेघ; जानें ताजा अपडेट्स

नई दिल्ली. गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत को गुरुवार को हुई हल्की बारिश ने राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD भी आने वाले कुछ दिनों में देश के उत्तर पश्चिम हिस्सों में भारी बारिश के संकेत दे रहा है। इधर, लू के चलते महाराष्ट्र में सरकार ने स्कूल की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। कुछ दिन पहले ही राज्य में हीट स्ट्रोक के चलते कम से कम 14 लोगों की एक समारोह के दौरान मौत हो गई थी।

IMD ने पूर्वी भारत में लू की मार जारी रहने के संभावनाएं जताई हैं। हालांकि, विभाग ने गुरुवार को कहा है कि अगले दो दिनों के बाद राहत के आसार हैं। जबकि, उत्तर पश्चिम भारत में अगले 3-4 दिनों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।

आज कैसा रहेगा मौसम
गर्मी के लिहाज से उत्तर पश्चिम भारत के लिए अच्छी खबर है। यहां अगले 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव होने के आसार नहीं हैं। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं, गरज के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिम हिमालयी क्षेत्र में भी बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की बात कही है।

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में पांच दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। जबकि, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बिजली और गरज के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्य असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी दो दिनों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य और पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

राज्य सतर्क
बढ़ते तापमान के मद्देनजर महाराष्ट्र में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। आदेश के अनुसार, विदर्भ के अलावा राज्य के स्कूल 15 जून से शुरू होंगे। जबकि, विदर्भ में 30 जून से स्कूल दोबारा लगेंगे। इससे पहले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी सरकारों ने अलग-अलग समय पर स्कूल की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। वहीं, झारखंड में समय बदला गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button