विकास उपाध्याय सहित आज 11 कांग्रेसी विधायकों का घेराव करेंगे भाजपाई

रायपुर. रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय के साथ ही राज्य के 11 कांग्रेसी विधायकों का एक साथ आज दोपहर भाजपा नेता घेराव करेंगे। प्रदेश भाजपा संगठन ने अब प्रधानमंत्री आवास को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस विधायकों के निवास काे घेरने के मामले में अब आक्रामक रुख अपनाने का फैसला किया है। आज एक साथ 11 विधायकों के निवास को घेरने की रणनीति बनाई गई है। कांकेर के आंदोलन में सहप्रभारी नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
भाजपा ने प्रदेशभर के कांग्रेसी विधायकों को घेरने का सिलसिला 11 फरवरी से प्रारंभ किया है। मोर आवास मोर अधिकार नारे के साथ अब तक 23 कांग्रेस विधायकों का घेराव किया गया है। वैसे इस कार्यक्रम के लिए 11 से 20 फरवरी का समय तय किया गया था, लेकिन बीच में बस्तर में भाजपा नेताओं की हत्या के कारण किए गए चक्काजाम आंदोलन के कारण यह कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। ऐसे में यह कार्यक्रम मार्च के पहले सप्ताह तक चलेगा।

पदयात्रा भी साथ में

विधायकों के निवास का घेराव करने के साथ ही पहले पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यालय में एकत्रित हो रहे हैं और वहां से पदयात्रा करते हुए विधायक निवास तक पहुंचकर उनके निवास का घेराव किया जा रहा है। भाजपा नेताओं के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र में पदयात्रा थोड़ी ज्यादा लंबी हो रही है, क्योंकि वहां पर विधायकों का निवास ज्यादा दूर है, लेकिन शहरी क्षेत्र में इसका पता नहीं चल पा रहा है, क्योंकि यहां पर विधायकों के निवास ज्यादा दूर नहीं हैं।

आज के घेराव का ये करेंगे नेतृत्व

सोमवार को प्रदेश के 11 कांग्रेस विधायकों का घेराव होगा। भाजपा प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन कांकेर, भाजपा अध्यक्ष अरुण साव महासमुंद, वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल राजिम, राजेश मूणत और महेश गागड़ा रायपुर पश्चिम, बैकुंठपुर में रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधानसभा में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, रायगढ़ विधानसभा में सांसद गोमती साय, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में सांसद सुनील सोनी, गुंडरदेही विधानसभा में संजय श्रीवास्तव तथा नारायणपुर में विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता विधायकों के निवास तक पदयात्रा करके पहुंचेंगे और उनके निवास का घेराव करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button