मध्य प्रदेश और हरियाणा में गुजरात जैसी लड़ाई की तैयारी, AAP ने बनाया प्लान

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) गुजरात चुनाव में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नजर आ रही है। अब वह उसी तर्ज पर मध्य प्रदेश और हरियाणा में लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रही है। इन दोनों राज्यों में 2023 और 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। आप के एक नेता ने कहा है कि 2023 में जिन 10 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां पार्टी उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने केवल इन दो राज्यों में गुजरात की तरह चुनाव अभियान चलाने का फैसला किया है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक की हाल ही में इन राज्यों के प्रमुखों के साथ बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। द इकॉनोमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आप के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा, ‘चुनाव लड़ने से पहले पार्टी को अपने कैडर की ताकत, आंतरिक सर्वेक्षण और वित्तीय हालात को देखना होगा। एक पार्टी जो एक संगठन बनाने की कोशिश कर रही है, उसके लिए सभी चुनावों में उतरना संभव नहीं है।’

आपको बता दें कि इस साल मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने अभी तक उन राज्यों में अच्छा प्रदर्शन किया हैं जहां बीजेपी-कांग्रेस की आमने-सामने की लड़ाई थी।  दिल्ली, पंजाब और गुजरात इसके ताजा उदाहरण हैं। 2023 में आप को यह अवसर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिल सकता है।

आम आदमी पार्टी ने मध्य प्रदेश में नगरपालिका चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया। यहां आप का एक महापौर भी है। पदाधिकारी ने कहा, “मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी को संभावना दिख रही है। रजस्थान जहां पंजाब और दिल्ली के नजदीक है। वहीं, मध्य प्रदेश में हमारा संगठन मजबूत है।”

मध्य प्रदेश के अलावा आम आदमी पार्टी ने हरियाणा पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है, जहां अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आप पदाधिकारियों की टीमों को नियुक्त करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button