CG Politics: महंत के बयान के बाद बढ़ा सियासी वार, CM साय बोले- हार देखते हुए गलत बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी, भूपेश ने दिया जवाब"/>

CG Politics: महंत के बयान के बाद बढ़ा सियासी वार, CM साय बोले- हार देखते हुए गलत बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी, भूपेश ने दिया जवाब

HIGHLIGHTS

  1. – हार देखते हुए गलत बयानबाजी कर रहे कांग्रेसी : मुख्यमंत्री
  2. – भाजपा लोकोक्ति नहीं समझ पाए- भूपेश बघेल बघेल

राज्य ब्यूरो, रायपुर। Politics on Controversial statement of Charandas Mahant: प्रधानमंत्री पर नेता प्रतिपक्ष डा.चरणदास महंत के विवादास्पद बयान के बाद रार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि हार देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेसी अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं।

राजनांदगांव के अशोक वाटिका में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ये बात कही। महंत के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मैदान पर उतर आए हैं। बघेल ने कहा है कि हिंसा हमारी सोच में नहीं है। प्रधानमंत्री का पूरा आदर है। भाजपा के नेताओं ने बयान को ग़लत समझा क्योंकि ने छत्तीसगढ़ी लोकोक्ति को ठीक तरह से समझ नहीं पाए।

कांग्रेस को सता रहा बुरी तरह हार का डर : विष्णुदेव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि कांग्रेस को बुरी तरह हार का डर सता रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और भाजपा के बढ़ते जनाधार को देखते हुए कांग्रेसी अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं। लोकसभा में कांग्रेस को सबक सिखाना है।

कांग्रेस ने अपने पांच वर्षों के शासन में इतने भ्रष्टाचार किए कि समूचे प्रदेश के संसाधन को लूट डाला। प्रदेश को घोटाले का गढ़ बना दिया, लेकिन जितने भी भ्रष्टाचारी हैं, जो कभी मुलायम गद्दे में सोते थे, आज जेल की हवा खाने को मजबूर हैं। घोटालेबाजों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों की चिंता करते हैं, उन्होंने अपने 10 वर्षों के शासन में गांव, गरीब, मजदूर और किसान सबको आर्थिक रूप से सशक्त करने का काम किया। इसलिए हमें भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए, सोने की चिड़िया बनाने के लिए तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा।

भाजपा को छत्तीसगढ़ी भाषा का ज्ञान नहीं: बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है। लोकोक्तियों से समृद्ध छत्तीसगढ़ी भाषा को जानने समझने वाला और छत्तीसगढ़ी लोक जीवन से जुड़ा हर व्यक्ति इसे जानता है। उनका आशय घमंड तोड़ने से था।”

इस मुहावरे को भाजपा के नेता नहीं समझ सकते क्योंकि वे छत्तीसगढ़ी भाषा संस्कृति को नहीं समझते। महंत ने विनम्रता से कहा है कि अगर इसका ग़लत अर्थ निकाला गया है तो वे खेद व्यक्त करते हैं। इस खेद प्रकाश के बाद यह विवाद ख़त्म हो जाना चाहिए।

बघेल ने कहा कि हम महात्मा गांधी की पार्टी के लोग हैं। हम हिंसा पर न भरोसा करते हैं न हिंसा हमारी सोच का हिस्सा है, जहां तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सवाल है, तो हम उन्हें लोकतांत्रिक ढंग से परास्त करना चाहते हैं। उनका घमंड तोड़ना चाहते हैं। उनके प्रति कोई अनादर हमारे मन में नहीं है। वे स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button