चंद्रमा पर पहुंचा भारत, दुनिया ने दी पीएम मोदी को बधाई, ब्रिक्स समिट में भी चंद्रयान की चर्चा

"/>

चंद्रमा पर पहुंचा भारत, दुनिया ने दी पीएम मोदी को बधाई, ब्रिक्स समिट में भी चंद्रयान की चर्चा

HighLights

  • रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी दी बधाई
  • ब्रिक्स समिट में होती रही चंद्रयान की चर्चा
  • दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने जताई खुशी

 

नई दिल्ली। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर पूरा देश जश्न मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र ने इसरो (ISRO) के वैज्ञानिकों और देश के सभी नागरिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। दुनिया के तमाम देशों से दिग्गज नेताओं ने भी इस सफलता पर भारत को बधाई दी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, यूएई के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम सहित विश्व के कई नेताओं ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई दी।

रूस ने बताया भारत के प्रगति का साक्ष्य

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन की प्रेस सेवा ने कहा कि पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर बधाई दी। पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि यह बाहरी अंतरिक्ष की खोज और विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य है।

 

दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति ने दी बधाई

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भारत को चंद्रयान-3 के लिए बधाई दी और इसे ब्रिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। चंद्रयान-3 की लैंडिंग के समय पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका में ही मौजूद थे जहां से उन्होंने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए लैंडिंग को देखा और सफल लैंडिंग के बाद वैज्ञानिकों और देश को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा ये क्षण अभूतपूर्व है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण नये भारत के शंखनाद का है, नये भारत के जयघोष का क्षण है।

 

भारत का इतिहास रचना जारी

यूएई के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर कहा कि चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए भारत में हमारे मित्रों को बधाई। भारत ने इतिहास रचना जारी रखा है। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने के लिए बधाई देता हूं।

 

दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक लैंडिंग

ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने के लिए भारत को बधाई।

 

मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत ने इतिहास रचा है! एक दक्षिण एशियाई राष्ट्र और पड़ोसी देश होने के नाते हम चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इसने खोज के नये क्षेत्रों के नये रास्ते खोले हैं।

 

कई देशों के राजदूतों ने दी बधाई

भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारत, इसरो और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। इसके अलावा फ्रांस, इजरायल, जर्मनी के राजदूत व ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्तों ने दी भी बधाई। ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने बधाई देते हुए लिखा “बढ़िया हो”।

 

जर्मन दूत ने कहा ऐतिहासिक दिन

इजरायल के राजदूत नाओर गिलोन ने भारत और इसरो को बधाई देते हुए कहा कि इसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है। भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी भारत को बधाई देते हुए बताया कि उनकी पूरी टीम इस क्षण को लाइव देख रही थी। भारत में जर्मन दूत फिलिप एकरमैन ने इसे “ऐतिहासिक दिन” बताते हुए भारत को बधाई दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button