Bhopal News: चुनाव से पहले कांग्रेस में सामने आई अंतर्कलह, जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) को हटाने कमल नाथ से की मांग

"/>

Bhopal News: चुनाव से पहले कांग्रेस में सामने आई अंतर्कलह, जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) को हटाने कमल नाथ से की मांग

HighLights

  • भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) अरुण श्रीवास्तव के खिलाफ खोला मोर्चा।
  • ओबीसी वर्ग से जिलाध्यक्ष बनाने की उठी मांग।
  • अरुण श्रीवास्तव का तर्क, भाजपा के इशारे पर कुछ लोगों ने हरकत की है।
भोपाल नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंतर्कलह सामने आने लगी है। कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूटने लगा है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ के नाम एक पत्र लिखा। इसमें भोपाल जिला ग्रामीण के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव को हटाने की मांग की। यह पत्र इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो गया है। इसमें ग्रामीण व हुजूर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसियों के हस्ताक्षर हैं। इसमें कहा गया है कि जिस तरह कांग्रेस ने चुनाव से पहले जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा को हटाकर प्रदीप मोनू सक्सेना को कमान सौंपी। वैसे ही ग्रामीण अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव को भी हटाया जाए।

पिछड़ा वर्ग से अध्यक्ष बनाने की उठी मांग

पत्र में आरोप लगाया गया है कि अरुण श्रीवास्तव कार्यकाल में हुजूर और बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में नगर पालिका, जिला पंचायत, जनपद पंचायत का एक भी चुनाव कांग्रेस नहीं जीती। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र में संगठन की हालत नाजुक है। जिस वर्ग से श्रीवास्तव आते हैं, उस वर्ग के ग्रामीण क्षेत्र में कम लोग रहते हैं। यदि जिलाध्यक्ष कोई पिछड़ा वर्ग का बनाया जाता है तो दोनों विधानसभा क्षेत्र हूजूर व बैरसिया जिताकर देंगे। कांग्रेस सरकार बनेगी और कमल नाथ को फिर से मुख्यमंत्री बनाने में अहम भूमिका ग्रामीण कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की होगी।

दिग्विजय सिंह ने लगाई थी फटकार

इंटरनेट मीडिया पर यह भी प्रसारित हो रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हाल ही में बैरसिया में पहुंचे थे। उन्होंने जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्रीवास्तव को मंडल सेक्टर को लेकर फटकार लगाई थी। इसके बाद कुछ दिग्विजय सिंह समर्थक कांग्रेसियों ने पत्र लिखकर श्रीवास्तव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा, भाजपा के इशारे पर कुछ लोग कर रहे हरकत

वहीं इस संबंध में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि भाजपा के इशारे पर कुछ लोगों ने हरकत की है। कुछ गिने-चुने कार्यकर्ताओं की मांग से कुछ नहीं होता है। ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस मजबूत है। यह बात कमल नाथ भी जानते हैं। कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीत रही है। इस डर से माहौल खराब करने के लिए इस मुझे हटाने का पत्र लिखकर प्रसारित किया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button