हज में शामिल होने वाले यात्रियों की संख्या कोरोनावायरस महामारी से पहले की तरह होगी, सऊदी ने हटाई रोक

हज यात्रियों के लिए 2023 खुशखबरी लेकर आया है। खबर है कि सऊदी अरब ने इस साल हज पर आने वाले यात्रियों की संख्या पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। साथ ही उम्र की भी कोई सीमा नहीं होगी। सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सरकार ने यह जानकारी दी है। 2020 और 2021 में कोविड-19 महामारी के चलते हज यात्रियों की संख्या घट गई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री तौफीक अल-राबिया ने बताया है कि इस साल हज में शामिल होने वाले यात्रियों की संख्या कोविड से पहले की तरह होगी। मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘हज एक्सपो 2023 के उद्घाटन में मंत्री डॉक्टर तौफीक अल राबिया ने घोषणा की है कि 1444H में हज यात्रियों की संख्या कोरोनावायरस महामारी से पहले की स्थिति में बगैर किसी उम्र की सीमा के लौट जाएगी।’

आंकड़े बताते हैं कि साल 2019 में 25 लाख लोग हज में शामिल हुए थे। इससे पहले 5 जनवरी को मंत्रालय ने घोषणा की थी कि देश में रहने वाले जो लोग हज करना चाहते हैं, वे आवेदन दे सकते हैं। सरकार ने कहा था कि स्थानीय लोगों के लिए 4 तरह के हज पैकेज उपलब्ध होंगे। उस दौरान कहा गया था कि आवेदन करने वालों के पास राष्ट्रीय या स्थानीय पहचान पत्र होना चाहिए।

साथ ही सरकार ने कहा था कि यात्रियों को कोविड-19 और सीजनल इंफ्लुएंजा के खिलाफ टीकाकरण कराना जरूरी है। यात्रा के दौरान टीकाकरण का प्रूफ भी साथ रखने के लिए कहा गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button