सुबह उठकर होता है सिरदर्द? डॉक्टर से जानें क्या हो सकती है वजह

सवाल मेरी उम्र 26 साल है। मुझे अल्सरेटिव कोलाइटिस है। क्या यह समस्या पूरी ठीक हो जाती है। मैं आगे के लिए क्या कर सकता हूं?

जवाब अल्सरेटिव कोलाइटिस पेट की नली में सूजन से होता है, जो बाद में अल्सर का रूप ले लेता है। इसके चलते त्वचा पर अल्सर, आंखों में परेशानी, जोड़ों में दिक्कत, ऑस्टियोपोरोसिस, लिवर पर असर पड़ सकता है। उपचार नहीं कराने पर यह कोलोरेक्टल कैंसर का रूप भी ले सकता है। इसका मुख्य कारण है संक्रमण से लड़ने की क्षमता का कम हो जाना। ऐसा जेनेटिक कारणों से भी हो सकता है। तनाव की अधिकता, बेचैनी तथा खान-पान में दिक्कतों से भी ऐसा हो सकता है। इसमें सबसे जरूरी है, सही खान-पान पर ध्यान देना। आप किसी न्यूट्रिशनिस्ट से मिलकर अपने लिए खाने का अलग से प्लान बनवा सकते हैं। वे आपकी उम्र, काम और आपकी जरूरतों के हिसाब से योजना बनाएंगे। बिना डॉक्टर की सलाह किसी भी तरह की पेनकिलर व एंटीबायोटिक नहीं लें।

सवाल मेरी उम्र 29 साल है। पिछले दो-तीन साल से सुबह सिर में तेज दर्द होता है। दवा लेने के बाद सब ठीक हो जाता है। ऐसा क्यों हो रहा है?

जवाब सुबह उठने पर होने वाले सिरदर्द के कई कारण हो सकते हैं। शरीर में पानी की कमी, ब्लड शुगर का कम या ज्यादा होना, नींद की कमी, बेचैनी, खर्राटों या गलत ढंग से सोने व गलत तकिए से भी ऐसा हो जाता है। माइग्रेन या क्लस्टर हेडेक में भी ऐसा होता है। पहले रात में सोते हुए अच्छे से पानी पिएं। सही मुद्रा में सोएं। तकिए का ध्यान रखें। अगर डायबिटीज है तो ब्लड शुगर नियंत्रित रखें। बेचैनी अगर लंबे समय से बनी हुई है तो उसका उपचार कराएं। तनावमुक्त रहने की कोशिश करें। खर्राटे मोटापे या ईएनटी की दिक्कतों के कारण भी आते हैं। कुछ दूसरे कारणों से भी ऐसा होता है, जिनके लिए ब्रेन इमेजिंग का सहारा लेना पड़ सकता है।

सवाल मेरी बेटी की उम्र 21 साल है। खाना खाने के बाद अचानक उसकी सांस फूलने लगती है। काफी देर तक ऐसा बना रहता है और फिर ठीक हो जाता है। क्या यह कोई बड़ी समस्या है? आगे चलकर उसे कोई बड़ी दिक्कत तो नहीं होगी?

जवाब खाने के बाद सांस फूलना एसिड रिफ्लक्स के चलते होता है, जिसमें पेट का एसिड गले तक आ जाता है और सांस की नली में सूजन हो जाती है। इससे बचने के लिए एसिडिक खाने, अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थ आदि से बचें। वजन अधिक है तो इसे कम करें। खाने के तुरंत बाद लेटे नहीं, कुछ देर टहलें। अगर आराम नहीं आ रहा है तो डॉक्टर से मिलें। एसिड कम करने के लिए उचित दवाएं देंगे। (सवालों के जवाब दिल्ली के पीएसआरआई हॉस्पिटल की कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर विनीता सिंह टंडन ने दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button