द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश की यात्रा पर पहुंची, जबलपुर में हुयी अगवानी

जबलपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश की दो दिवसीय यात्रा के तहत आज सेना के विशेष विमान से जबलपुर पहुंची, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठतम अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
जबलपुर हवाईअड्डे पर गरिमामय और औपचारिक अगवानी के बाद राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू कुछ ही देर में सेना के विशेष हेलीकॉप्टर में सवार हुयीं और लगभग 12 बजकर 40 मिनट पर शहडोल के लिए रवाना हो गयीं। उनके साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शहडोल रवाना हुए।
राष्ट्रपति शहडाेल में जनजातीय जननायक बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। यह कार्यक्रम दोपहर दो बजे प्रस्तावित हैं। उनका शहडोल में परंपरागत तरीके से स्वागत की तैयारियां हैं। राष्ट्रपति पद पर काबिज होने के बाद श्रीमती मुर्मू का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा है।
श्रीमती मुर्मू शहडोल में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस जबलपुर आएंगी और विशेष विमान से रवाना होकर शाम पांच बजे के आसपास भोपाल पहुंचेंगी। राष्ट्रपति की भोपाल राजभवन में भव्य और परंपरागत तरीके से अगवानी की जाएगी।
राष्ट्रपति देर शाम राजभवन से ही भोपाल के आसपास की सड़कों से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास वर्चुअल तरीके से करेंगी। वे रात्रिविश्राम राजभवन में करने के उपरांत कल सुबह यहां महिला स्वसहायता समूहों के कार्यक्रम में शामिल होंगी और फिर वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button