Punjab के मनसा में मूसेवाला की अंतिम अरदास, अन्य राज्यों से भी पहुँच रहे फैंस

पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की अंतिम अरदास और भोग आज करीब 11:30 बजे मनसा के अनाज मंडी में शुरू हो गया है। इसमें शामिल होने के लिए मूसेवाला के लाखों प्रशंसक शामिल होने के लिए पड़ोसी राज्यों से भी पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने पहले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। हरियाणा और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों से लोग सुबह 4 बजे से ही भोग स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए थे। मूसेवाला के पिता ने भी उनके सभी फैंस से इस भोग में शामिल होने की अपील की थी।
भारी संख्या में अंतिम अरदास के लिए पहुँच रहे फैंस
जानकारी के अनुसार, राज्य और पड़ोसी राज्यों जैसे हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसक उनके भोग में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। भारी संख्या में फैंस के अंतिम अरदास में शामिल होने का अंदाजा प्रशासन को भी था। इसलिए यातायात के सुचारू प्रवाह और मनसा में भोग स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग भी बनाए गए हैं।

कांग्रेस ने दुकाने बंद करने की अपील की
मूसेवाला की अंतिम अरदास को देखते हुए मंडी में लोगों के लिए पानी की व्यवस्था के अलावा पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर सिद्धू मूसेवाला के पिता फैंस के साथ अपना दुख भी बाटेंगे। वहीं, कांग्रेस ने इलाके में आज 1 बजे तक सभी दुकानों को बंद रखने की अपील की है।

बड़े राजनीतिक नेता भी मूसेवाला के पिता से पहुंचे थे मिलने
बता दें कि 29 मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी गायक मूसेवाला की गोलियों से हत्या कर दी थी। ये घटना पंजाब सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लिए जाने के एक दिन बाद ही हुई थी। 1 जून को मूसेवाला का अंतिम संस्कार किया गया था और फिर अगले दिन उनकी अस्थियां करतारपुर साहिब में विसर्जित की गई थीं। मूसेवाला के पिता से मिलने सीएम भगवंत मान, गृह मंत्री अमित शाह और राहुल गांधी भी कई कांग्रेसी नेताओं के साथ पहुंचे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button