अपनी उम्र से दस साल छोटा दिखना चाहते हैं तो करें ये उपाय

भोपाल। आपकी जान-पहचान में भी ऐसे लोग जरूर होंगे, जिनमें कुछ कम उम्र में ही बुजुर्ग दिखने लग गए और कुछ अधिक उम्र का होने के बावजूद कम उम्र के लगते हैं। पहली तरह के लोगों जैसे अधिक उम्र का कोई भी दिखना नहीं चाहता। हर कोई दूसरी तरह के लोगों के समान अपनी उम्र से कुछ साल छोटा ही दिखना चाहता है। अगर आप भी 30 की उम्र में 40 पार के लगते हैं, तो समय आ गया है कि खुद पर ध्यान दें। आज हम आपको कुछ उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपनी मौजूदा उम्र के मुकाबले ज्‍यादा युवा दिखाई देंगे।

चेहरे का व्यायाम

मुंह में हवा भरकर 10 सेकंड रखें और छोड़ दें। जोर से चीखते हुए जैसे मुंह पूरा खुल जाता है, उस तरह खोलें। मुंह में खिंचाव आए, इतना खोलें। 10 सेकंड रुकें और नॉर्मल हो जाएं। लंबी स्माइल दें। 10 सेकंड रखें और सामान्य हो जाएं। इस तरह चेहरे के विभिन्न हिस्सों में तनाव आए, ऐसा व्यायाम 15 मिनट रोज करें। ऐसे कई व्यायाम आप यूट्यूब वीडियोज के जरिये सीख कर रोजाना करें। घर का कोई भी काम करते-करते, टीवी देखते हुए आप इन्हें कर सकते हैं। इससे चेहरे की झुर्रियां कम होती हैं1 चेहरे पर शाइन आती है। इससे आप युवा दिखते हैं।

बालों को बिना कलर किए न रखें

कई लोग अपने बाल कलर करने से डरते हैं। उन्हें लगता है कि लोग मजाक उड़ाएंगे। कई बार आलस की वजह से भी हम बाल कलर करना टालते जाते हैं। लेकिन यह गलती न करें। जब आप बाल कलर कराते हैं, तो आपकी उम्र चंद मिनटों में ही कई साल कम नजर आती है। आपको भी आईने में देखकर अच्छा महसूस होता है। बच्चों को भी लगता है कि माता-पिता कितने अच्छे दिख रहे हैं। आपको भी कलर किये बालों के साथ तैयार होने में, किसी के घर जाने में आनंद आने लगता है। वरना सफेद बाल आपको बार-बार याद दिलाते रहते हैं कि आप बूढे हो गये हैं, आपकी उम्र अब ये सब करने की नहीं रही।

यंग दिखने वाले कपड़े पहनें

ये सोचना बंद करें कि आप सास-ससुर बन गये हैं, दादा-दादी बन गए हैं तो आपको फलां तरह के कपड़े शोभा नहीं देंगे या लोग क्या कहेंगे? याद रखें, ये जिंदगी आपकी है। आप जो मर्जी चाहे कपड़े पहन सकते हैं। खुद को युवा महसूस कर सकते हैं। अगर आपने अपने जमाने में यानी कम उम्र में वो कपड़े नहीं पहने, जो आप पहनना चाहते थे, तो आप अभी अपने शौक पूरे कर सकते हैं। किसी ने आपको रोका नहीं है। महिलाएं जींस और कुर्ती पहन सकती हैं। जींस व टॉप पहन सकती हैं। साड़ी पहनकर ऊब गई हैं तो सलवार सूट पहन सकती हैं। आप बाल कटवा सकती हैं। खुद को नया लुक दे सकती हैं। पुरुष चटक रंग की टीशर्ट पहन सकते हैं। बड़े प्रिंट पहन सकते हैं।

खान-पान का ख्याल रखें

खाने-पीने का असर हमारे शरीर पर बहुत ज्यादा पड़ता है इसलिए अपने खानपान का खास ख्याल रखें। पौष्टिक आहार लें। प्रोटीन, विटामिन, आयरन सभी पोषक तत्‍वों से भरपूर खाना खाएं। फलों को अपने खाने में ज्यादा मात्रा में शामिल करें। जूस पीएं। रोज एक गिलास दूध पीएं। काजू-बादाम खाएं। अंडा खाएं। इन चीजों से आपके चेहरे पर एक अलग ही ग्लो दिखाई देगा। आपकी उम्र कम दिखने लगेगी।

अपने शौक को वक्त दें

जब आप अपने शौक पूरे करते हैं, तो दिल से खुश रहते हैं। आपके चेहरे पर एक अलग ही चमक दिखाई देती है। आप ऊर्जा से भरे हुए होते हैं। आप चहकते हैं, उछलते-कूदते हैं, डांस करते हैं, म्यूजिक सुनते हैं। ये सारे अनुभव आपको तरोताजा महसूस कराते हैं। आपको लगता है कि आप अपने पुराने बचपन के दिनों में, युवावस्था में लौट गये हैं। ये जो भावना अंदर से आती है, यही आपको सच में युवा बनाती है।

खुद को युवा महसूस करें

जैसा आप सोचते हैं, वैसे बन जाते हैं, नजर आने लगते हैं। इसलिए कभी भी खुद को बूढा महसूस न करें। खुद से बार-बार कहें कि अभी आप युवा हैं। आपको भी मजे करने का हक है। आप जब चाहे, खुद को बच्चा महसूस कर सकते हैं। आपको बस अपनी शर्म और झिझक को छोड़ना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button