मिथुन वालों के लिए पन्ना तो सिंह वालों के लिए माणिक्य रत्न माना जाता है शुभ, जानें अपना राशि रत्न

ज्योतिष शास्त्र में कुंडली के ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के आधार पर व्यक्ति के गुण, स्वभाव, कमियों और भावी जीवन से जुड़ी कई बातों का आकलन किया जा सकता है। वहीं ज्योतिष शास्त्र में जीवन की परेशानियां दूर करने और कार्यों में मनचाहे परिणाम की प्राप्ति हेतु राशि और ग्रहों से संबंधित रत्न धारण करना बहुत लाभदायी माना गया है।

मेष राशि का रत्न मूंगा
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगल को मेष राशि का स्वामी ग्रह माना जाता है और मंगल ग्रह से संबंधित रत्न मूंगा है। ऐसे में मेष राशि के जातक मंगलवार के दिन लाल मूंगा रत्न को अपने दाएं हाथ की तर्जनी या सबसे छोटी उंगली (कनिष्ठा) में धारण कर सकते हैं।

वृष राशि का रत्न हीरा
इस राशि वालों का स्वामी ग्रह शुक्र और शुक्र ग्रह का रत्न हीरा माना गया है। हीरा रत्न धारण करने से वृष राशि वालों की सेहत बेहतर होने के साथ ही आकर्षण शक्ति में बढ़ोतरी होती है। इसलिए ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हीरा रत्न से जुड़े शुभ प्रभावों में वृद्धि के लिए वृष राशि के लोग शुक्रवार की सुबह अपने दाएं हाथ की मध्यमा उंगली में हीरा धारण कर सकते हैं।

मिथुन राशि का रत्न पन्ना
मिथुन राशि के लोगों के लिए पन्ना रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है क्योंकि इस राशि का स्वामी ग्रह बुध है। पन्ना रत्न धारण करने से मिथुन राशि वाले लोगों को सुख-समृद्धि, व्यापारिक लाभ, मधुर वाणी जैसे कई शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं। मिथुन राशि के लोग बुधवार के दिन सुबह स्नान आदि से निवृत्त होकर अपने दाएं हाथ की अनामिका उंगली में पन्ना रत्न को किसी विद्वान की सलाह से धारण कर सकते हैं।

कर्क राशि का रत्न मोती
कर्क राशि के लोगों का स्वामी ग्रह चंद्रमा है और इससे संबंधित रत्न मोती है। ऐसे में कर्क राशि के लोग अपने दाएं हाथ की कनिष्ठा उंगली में सोमवार की सुबह मोती रत्न धारण कर सकते हैं। मोती रत्न धारण करने से कर्क राशि के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक शांति और जीवन की विभिन्न सुख-सुविधाएं प्राप्त हो सकती हैं।

सिंह राशि का रत्न माणिक्य
ज्योतिष के अनुसार सिंह राशि वालों के लिए सूर्य ग्रह से संबंधित माणिक्य रत्न धारण करना शुभ माना जाता है। इस राशि के लोग अपने दाएं हाथ की कनिष्ठा उंगली में स्वास्थ्य, व्यापार और प्रसिद्धि से जुड़े शुभ परिणाम प्राप्त करने के लिए रविवार की सुबह माणिक्य रत्न धारण कर सकते हैं।

कन्या राशि का रत्न पन्ना
जीवन में आत्मविश्वास धन-वैभव, ऐश्वर्य की प्राप्ति हेतु कन्या राशि के लोग हरे रंग का पन्ना रत्न धारण कर सकते हैं जिसका संबंध बुध ग्रह से होता है। कन्या राशि के लोग सोने की अंगूठी में पन्ना रत्न जड़वाकर बुधवार के दिन कनिष्ठा उंगली में धारण कर सकते हैं।

तुला राशि का रत्न हीरा
तुला राशि के लोगों का स्वामी ग्रह शुक्र है और शुक्र से संबंधित रत्न हीरा माना गया है। इसलिए तुला राशि के लोग जीवन के शुभ परिणामों में वृद्धि के लिए चांदी या प्लैटिनम की अंगूठी में हीरा जड़वाकर शुक्रवार के दिन मध्यमा उंगली में धारण कर सकते हैं।

वृश्चिक राशि का रत्न मूंगा
वृश्चिक राशि के लोगों को मंगल ग्रह से संबंधित लाल रंग का मूंगा धारण करना फलदायी माना जाता है। आप इस रत्न को मंगलवार की सुबह शुद्धि करने के बाद तांबे या सोने की धातु में जड़वाकर धारण कर सकते हैं।

धनु राशि का रत्न पुखराज
धनु राशि के लोग अपने भाग्य का साथ पाने के लिए गुरुवार के दिन अपने दाएं हाथ की तर्जनी उंगली में गुरु ग्रह की मजबूती के लिए पुखराज रत्न धारण कर सकते हैं।

मकर राशि का रत्न नीलम
मकर राशि के लोगों का स्वामी ग्रह शनि होता है और इससे संबंधित रत्न नीलम माना गया है। इसलिए मकर राशि के लोगों को शनिवार के दिन सूर्यास्त के बाद नीलम रत्न धारण करने की सलाह दी जाती है।

कुंभ राशि का रत्न नीलम
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मकर राशि की तरह ही कुंभ राशि के जातकों से संबंधित ग्रह शनि और रत्न नीलम माना गया है। इसलिए सूर्यास्त के बाद शनिवार के दिन नीलम रत्न धारण करने से कुंभ राशि के लोगों को सेहत, आर्थिक लाभ, सम्मान आदि से जुड़े शुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।

मीन राशि का रत्न मोती अथवा मूंगा
मीन राशि के लोगों के स्वामी ग्रह राहु और शनि दोनों माने गए हैं। इसलिए इस राशि के जातक ज्योतिषीय सलाह के आधार पर मोती अथवा मूंगा रत्न धारण कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button