Job Alert: आठ वर्ष बाद पीआरएसयू में 49 शैक्षणिक पदों पर हो रही भर्ती, 24 विभागों में भर्ती के लिए आवेदन शुरू

Job Alert: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) में आठ वर्षों बाद 49 नियमित पदों पर भर्ती हो रही है। इनमें 44 पद आरक्षित रखे गए हैं। महज पांच पद अनारक्षित हैं। विश्वविद्यालय के अलग-अलग 24 विभागों में नियमित प्राध्यापकों की भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए जा रहे हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार 11 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

चार विभागों में ही सिर्फ अनारक्षित कोटे के पद रखे गए हैं। इनमें कंप्यूटर साइंस में एक असिस्टेंट प्रोफेसर, फिलासफी एंड योगा में एक प्रोफेसर, इनोवेटिव प्रोग्राम एमटेक इन आप्टोइलेक्ट्रानिक्स एंड लेजर टेक्नोलाजी एक असिस्टेंट प्रोफेसर और हिंदी विभाग में दो असिस्टेंट प्रोफेसर के पद हैं। 49 पदों में प्रोफेसर के आठ, एसोसिएट प्रोफेसर के 22 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 19 पद हैं।
बता दें कि पिछली बार पीआरएसयू में शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए 2015 में विज्ञापन जारी हुआ था। आवेदन भी मंगाए गए थे, लेकिन बाद में भर्ती रद हो गई थी। वर्तमान में विश्वविद्यालय में 223 स्वीकृत शैक्षणिक पद हैं। इनमें से 104 पद भरे और 119 खाली हैं। विश्वविद्यालय में लगातार हर वर्ष प्रोफेसर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नई भर्ती नहीं होने के कारण अध्ययन-अध्यापन पर भी इसका असर पड़ रहा है। बहुत सारे विभाग ऐसे हैं जिनमें आधे से ज्यादा सीटें खाली हैं। साइंस और मैथ्स को छोड़कर आर्ट्स के बहुत सारे विषयों में सीटें नहीं भरी हैं। भर्ती से संबंधित दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।

 

इन विभागों में होगी भर्ती
भूगोल, समाज शास्त्र, इतिहास, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति और पुरातत्व, कंप्यूटर साइंस, साहित्य और भाषा अर्थशास्त्र, फिजिक्स एंड एस्ट्रोफिजिक्स, फिलासिफी एंड योगा, इलेक्ट्रानिक्स एंड फोटोनिक्स, आप्टोइलेक्ट्रानिक्स एंड लेजर टेक्नोलाजी, बायो साइंस, एमबीए, बायो टेक्नोलाजी, मैथ्स, फार्मेसी, एंथ्रोपोलाजी, ला, रीजनल स्टडीज, जिओलाजी, सेंटर फार बेसिक साइंस, हिंदी, साइंस, लाइब्रेरी इंफार्मेशन और स्टेटिस्टिक्स विषय के लिए भर्ती की जाएगी।

 

वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने के कारण 69 पदों की भर्ती अटकी
पीआरएसयू में पिछले वर्ष 69 शैक्षणिक पद मिले थे। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन विज्ञापन जारी होने से पहले शासन की ओर से सभी संस्थानों के लिए एक पत्र जारी किया गया। इसमें लिखा था कि भर्ती के लिए वित्त विभाग की अनुमति अनिवार्य है। इसके बाद 69 पदों के लिए होने वाली भर्ती पर रोक लग गई। इन पदों पर भर्ती के लिए इंतजार करना होगा।

 

गौरतलब है कि 69 में 42 पद असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रोफेसर के 12 और एसोसिएट प्रोफेसर के 15 पद हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर में टीचर एजुकेशन के लिए सबसे ज्यादा 10 पोस्ट हैं। इसी तरह मैथ्स, फिजिक्स, एंथ्रोपोलाजी, इनवायरमेंटल साइंस, भाषा विज्ञान, एमबीए, प्राचीन भारतीय इतिहास, समाजशास्त्र एवं समाज कार्य, सांख्यिकी, भू-विज्ञान, जैविकी, केमिस्ट्री, बायोलाजी के लिए भी भर्ती होने वाली थी।

 

खाली पदों के कारण नैक पर पड़ा प्रभाव
कुछ महीने पहले छह वर्ष बाद विश्वविद्यालय को नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रीडिटेशन काउंसिल (नैक) की ग्रेडिंग देने के लिए टीम आई थी। टीम ने शिक्षकों की कमी को लेकर सवाल उठाए थे। पिछली बार नैक की टीम ने विश्वविद्यालय को ए ग्रेड दिया था, लेकिन इस बार बी प्लस प्लस मिला है। विश्वविद्यालय की ग्रेडिंग में आई कमी को शिक्षकों की कमी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। खाली पदों को भरने के लिए लगातार मांग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button