Bhopal Crime News: बेहोश पड़ी मां के घुटनों में फंसा आठ माह का बेटा बिलख रहा था, लोग वीडियो बनाने में लगे थे

Bhopal Crime News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। पेट की आग बुझाने के लिए वह आठ माह के लाडले को लेकर रोजाना की तरह गुरुवार को भी मजदूरी करने गई थी। घर वापस लौटते समय कमजोरी के कारण वह सड़क किनारे निढाल होकर गिर पड़ी। चेतना खोने से पहले उसने कलेजे के टुकड़े को अपने घुटनों के बीच में दबा लिया था। मासूम जार-जार बिलख रहा था। वहां खड़े तमाशबीन वीडियो तो बना रहे थे,लेकिन कोई भी महिला की मदद को आगे नहीं आ रहा था। सूचना मिलते ही बैरसिया थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और महिला और उसके बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर इलाज मिलने पर मां-बेटे अब स्वस्थ हैं। शुक्रवार दोपहर उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

टीआइ त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम टिकनखेड़ी निवासी 30 वर्षीय महिला मजदूरी करने ईंटखेड़ी जाती है। गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने आठ माह के बच्चे को लेकर पैदल घर लौट रही थी। कमजोरी के कारण रास्ते में चक्कर खाकर सड़क किनारे गिर गई थी। लगभग आठ माह का बच्चा उसके दोनों घुटनों के बीच फंसा था। वह बेतहाशा रो रहा था। वहां से गुजर रहे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजमल कुशवाहा ने फोन कर घटना के बारे में बताया। 108 एंबुलेंस को सूचना देकर वह पांच मिनट में मौके पर पहुंच गए और मां-बेटे को बैरसिया अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने के कारण शुक्रवार सुबह तक महिला पूरी तरफ स्वस्थ हो गई। दोपहर में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिस स्थान पर महिला बेहोश हुई थी। वहां बड़ी संख्या में सुअर घूमते रहते हैं। इससे मासूम के साथ अनहोनी होने की भी आशंका थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button