Korba Lok Sabha Election 2024: मतदाताओं की संख्या के साथ हर साल बढ़ रहा मतदान का प्रतिशत"/>

Korba Lok Sabha Election 2024: मतदाताओं की संख्या के साथ हर साल बढ़ रहा मतदान का प्रतिशत

HIGHLIGHTS

  1. कोरबा लोकसभा का चौथा चुनाव वर्ष 2024 में होने जा रहा।
  2. महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा
  3. पुरुष व महिला मतदाता का मतदान प्रतिशत
 

 कोरबा। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हुए प्रथम चरण में 60 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे देश में वोटिंग में लोगों के रूचि नहीं लेने पर चिंता हुई। हालांकि दूसरे चरण के चुनाव में प्रतिशत में वृद्धि हुई है। बात यदि कोरबा संसदीय क्षेत्र की करें, तो यहां तीसरे चरण में सात मई को मतदान होना है। अब तक इस क्षेत्र में तीन बार चुनाव हो चुके हैं और लगातार हर चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ता जा रहा है। इस बार 16 लाख 18 हजार 437 मतदाता हैं और उम्मीद की जा रही है कि तेज गर्मी के बावजूद अपने मताधिकार का प्रयोग करने लोग घरोंसे निकलेंगे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भी कवायद की जा रही। मतदान स्थलों में पहले की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने प्रशासन हर स्तर पर प्रयास कर रही।

 

कोरबा लोकसभा का चौथा चुनाव वर्ष 2024 में होने जा रहा। पहले चुनाव से लेकर अब तक हर चुनाव में मतदाताओं के साथ मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता चला गया। पहले चुनाव 2009 में मतदाताओं की संख्या 12 लाख 76 हजार 443 थी, जो अब बढ़ कर वर्ष 2024 के चुनाव में बढ़ कर मतदाताओं की संख्या 16 लाख 18 हजार 437 हो गई है। 15 वर्षों में तीन लाख 41 हजार 994 मतदाता बढ़ गए। कोरबा की चार विधानसभा रामपुर, कोरबा, कटघोरा व पाली-तानाखार समेत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला अंतर्गत भरतपुर- सोनहत, बैकुंठपुर व गौरेला-पेंड्रा- मरवाही जिला अंतर्गत मरवाही विधानसभा कोरबा लोकसभा में शामिल है। वर्ष 2009 में पहली बार इस सीट पर हुए चुनाव में भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटलबिहारी बाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला को मैदान में उतारा था, वहीं कांग्रेस ने वर्तमान नेता प्रतिपक्ष डा चरणदास महंत को मौका दिया था।

चुनाव में डा महंत ने तीन लाख 14 हजार 616 वोट हासिल कर जीत अर्जित की थी, जबकि करूणा शुक्ला को दो लाख 93 हजार 879 वोट मिले थे। उस वक्त लोकसभा क्षेत्र में 12 लाख 76 हजार 443 मतदाता थे। इसमें सात लाख 45 हजार 612 मतदाताओं ने वोट डाला था और मतदान का प्रतिशत 58.41 प्रतिशत रहा। वहीं वर्ष 2014 में दूसरी बार हुए चुनाव में मतदाता बढ़कर 14 लाख 23 हजार 729 हो गए। पांच वर्ष में एक लाख 47 हजार 286 मतदाता बढ़े। इस चुनाव में कांग्रेस ने डा चरणदास महंत को पुन: मैदान में उतारा, तो भाजपा ने डा बंशीलाल महतो को प्रत्याशी बनाया। डा महंत को चार लाख 34 हजार 737 हासिल किया, पर विजयी प्रत्याशी डा महतो को चार लाख 39 हजार दो वोट हासिल हुए थे। इस चुनाव में 10 लाख 52 हजार 720 ने वोट डाला और मतदान का प्रतिशत बढ़कर 73.95 प्रतिशत दर्ज किया गया था।

तीसरी बार जब 2019 में चुनाव हुए तो वोटर गत चुनाव के मुकाबले 85 हजार 111 बढ़े। कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख आठ हजार 840 हो गई। इस चुनाव में कांग्रेस ने डा चरणदास महंत की धर्मपत्नी ज्योत्सना महंत व भाजपा ने ज्योतिनंद दुबे को टिकट दिया। ज्योत्सना महंत को पांच लाख 23 हजार 310 व ज्योतिनंद को चार लाख 97 हजार 61 वोट मिले। इस चुनाव में 11 लाख 36 हजार 903 ने मतदान किया था। इस तरह मतदान का प्रतिशत बढ़कर 75.35 प्रतिशत हो गया था। कोरबा लोकसभा सीट पर चौथी बार चुनाव के लिए मतदान होना है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की संख्या भी जारी कर दी है, इसके मुताबिक कुल 16 लाख 18 हजार 437 मतदाता हैं। जो पिछले चुनाव के मुकाबले एक लाख नौ हजार 597 अधिक हैं। इस तरह यदि 15 वर्षों की बात की जाए, तो तीन लाख 41 हजार 994 मतदाता बढ़ गए हैं।

महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा

कोरबा लोकसभा सीट पर 15 वर्षों में एक लाख 43 हजार 591 पुरूष मतदाता बढ़े हैं तो महिला मतदाताओं की संख्या में एक लाख 98 हजार 350 की बढ़ोतरी हुई है। पहली बार हो रहा है कि पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। वर्ष 2009 में पुरुष मतदाता छह लाख 95 हजार 741, महिला मतदाता छह लाख 16 हजार 702 थी। वहीं वर्ष 2014 में पुरुष मतदाताओं की संख्या बढ़कर सात लाख 29 हजार 951 हो गई, जबकि महिला मतदाता छह लाख 93 हजार 664 के आंकडे पर पहुंचे थे। 2019 में पुरुष मतदाता 7 लाख 59 हजार 225 और महिला मतदाता लाख 49 हजार 560 थे। इस बार होने जा रहे 2024 के चुनाव में पुरुष मतदाता आठ लाख तीन हजार 332 हैं। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या बढ़कर आठ लाख 15 हजार 52 हो गई है।

पुरुष व महिला मतदाता का मतदान प्रतिशत

वर्ष- पुरुष- डाले गए मत- वोट (प्रतिशत में) 2009- 659741- 39910- 60.62 2014- 729951- 545187- 74.69 2019- 759225- 574105-75.62 वर्ष- महिला- डाले गए मत- वोट (प्रतिशत में) 2009- 616702- 345671- 56.05 2014- 693664- 506882- 73.08 2019- 749560- 560913- 74.83

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button