Chhattisgarh Exit Poll Results 2023: एग्जिट पोल के बाद सतर्क हुई पार्टियां, विधायकों को एकजुट करने में जुटीं"/>

Chhattisgarh Exit Poll Results 2023: एग्जिट पोल के बाद सतर्क हुई पार्टियां, विधायकों को एकजुट करने में जुटीं

रायपुर (राज्य ब्यूरो)। Chhattisgarh Exit Poll Results 2023: विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले जारी विभिन्न एग्जिट पोल से पार्टियां बेहद सतर्क हो गई हैं। कांग्रेस-भाजपा दोनों ही पार्टियों ने अपने भावी विधायकों को लेकर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अपने भावी विधायकों को विश्वास में बनाए रखने के लिए उन्हें एकजुट करने की रणनीति बना रही है।

सूत्रों ने बताया कि परिणाम आते ही कांग्रेस के जीते प्रत्याशियों को बैंगलुरू भेजा जा सकता है। इसके लिए कांग्रेस ने 72 सीटर चार्टर्ड प्लेन भी बुक करा लिया है। इसमें जीते विधायकों के साथ ही पार्टी के शीर्ष नेता भी होंगे। चर्चा है कि कांग्रेस के लिए कर्नाटक सबसे सुरक्षित जगह है। वहां भी कांग्रेस की सरकार है।जीत का सर्टिफिकेट मिलते ही सभी विधायकों को रायपुर बुलाया गया है। वीआइपी रोड स्थित एक एक होटल में नवनिर्वाचित विधायकों के रोका जा सकता है।
 
गौरतलब है कि तीन दिसंबर को मतगणना होगी। परिणाम तय करेंगे कि सरकार किसकी बनेगी। फिलहाल एग्जिट पोल में कांग्रेस-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर दिखाया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस-भाजपा दोनों ही पार्टियों ने दावा किया है कि उनकी सरकार बन रही है।

 

75 से अधिक विधायक चुनाव जीतकर आएंगे: कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में कांग्रेस अबकी बार तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाएगी। एक्जिट पोल के नतीजों से भी बेहतर छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे। कांग्रेस के 75 से अधिक विधायक चुनाव जीतकर आएंगे। भाजपा चुनावों में दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाएगी। जनता ने कांग्रेस सरकार के पांच साल के कामों और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहरे को देखकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।

कांग्रेस की सरकार ने पांच वर्षों में राज्य की जनता का भरोसा जीता है। 2018 में 68 सीटों के साथ सरकार बनाने के बाद कांग्रेस ने पांच उपचुनाव, नगरीय निकाय, पंचायतों का चुनाव जीता। पांच वर्षों में कांग्रेस कभी कोई चुनाव नही हारी। इस बार भी हम रिकार्ड बरकरार रखेंगे। भाजपा छत्तीसगढ़ में ईडी के अगुआई में चुनाव लडी। ईडी ने अपने संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर कांग्रेस की राजनैतिक गतिविधियों में बाधा पहुंचाने के लिए चुनाव के दौरान तमाम हथकंडे अपनाए। भाजपा के षड्यंत्र को जनता ने नकार दिया।

मोदी की गारंटी से मिलेगी जीत: भाजपा

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने का भरोसा व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने मोदी की गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता के सामने प्रस्तुत की है, लगातार हमारे केंद्रीय नेताओं के प्रवास हुए हैं, सभाएं हुई हैं और कांग्रेस सरकार की जो विफलताएं हैं, हर वर्ग की जनता को कांग्रेस की सरकार ने ठगने का काम किया, धोखा देने का काम किया। अपराध का गढ़ बना दिया। नशे का गढ़ बना दिया। भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। विकास पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। एक भी काम ऐसा नहीं किया, जिसे वह अपनी उपलब्धि बता सके। इसलिए तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है।

 
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button