कांग्रेस ने उजागर किया गंगाजल लेकर किए वादे का सच, बोले- रमन सिंह ने भी किया था शराबबंदी का वादा

रायपुर:  छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर गंगाजल की कसम के सच और झूठ पर राजनीति चल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनावी अभियान के आगाज में कहा था कि कांग्रेस ने शराबबंदी के लिए गंगाजल की कसम खाई, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। अब राज्य सरकार के प्रवक्ता और मंत्री मोहम्मद अकबर ने गंगाजल लेकर किए वादे का सच सामने रखा। अकबर ने मीडिया से चर्चा में उस वीडियो को पेश किया, जिसमें कांग्रेस ने गंगाजल की कसम खाई थी।

अकबर ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने धान खरीदी और कर्जमाफी के लिए गंगाजल की कसम खाई थी। भाजपा नेता झूठ बोलकर जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं। अकबर ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन कभी उस दिशा में पहल नहीं की।

अकबर ने डा रमन के उस वीडियो को मीडिया के सामने पेश किया, जिसमें डा रमन सिंह यह कहते नजर आ रहे हैं कि उनकी सरकार शराबबंदी करेगी। हालांकि अकबर ने यह भी स्वीकार किया कि कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन उसके लिए गंगाजल की कसम नहीं खाई थी।

उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार के गठन के दो घंटे के अंदर कर्जमाफी का वादा पूरा किया गया। प्रदेश में रिकार्ड धान की खरीदी हो रही है। सरकार अब प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के कर्जमाफी करने के कांग्रेस सरकार के फैसले का भाजपा ने आज तक स्वागत नहीं किया है।

अकबर ने कहा कि शराबबंदी की दिशा में भूपेश सरकार पूरी तरह गंभीर है। वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। जो शराबबंदी के संबंध में अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। भाजपा ने इस समिति के लिए नाम मांगे जाने के बावजूद आज तक अपनी ओर से नाम नहीं सुझाए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button