क्या होता है Bomb Cyclone, जिसने अमेरिका में मचा रखी है तबाही

नई दिल्ली. आर्कटिक महासागर की तरफ से आ रही बर्फीली खतरनाक हवाओं ने अमेरिका समेत आस-पड़ोस के देशों में कोहराम मचा रखा है। क्रिसमस से ऐन पहले इन हवाओं ने अमेरिकियों के रंग में भंग डाल दिया है क्योंकि बारिश,बर्फबारी और सर्द तूफान की वजह से लाखों अमेरिकियों की यात्राएं खत्म हो गई हैं। हजारों उड़ानें कैंसिल हो चुकी हैं।

छुट्टी के सप्ताहांत में ग्रेट लेक्स क्षेत्र में बर्फीला तूफान आने की आशंका पहले से ही थी लेकिन अमेरिका के पूर्वी तट पर 5 सेंटीमीटर बारिश के बाद वहां से 100 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलने लगीं। इससे अचानक अमेरिका में अप्रत्याशित तौर पर तापमान में गिरावट आ गई। 

राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने कहा,”जैसे ही गुरुवार को ग्रेट लेक्स के ऊपर तूफान ने आकार लिया,वह बम चक्रवात (Bomb Cyclone) के रूप में विकसित हो गया। इस दौरान शिकागो और आसपास के इलाके का तापमान -13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया

क्या होता है Bomb Cyclone
बम चक्रवात,जिसे एक विस्फोटक चक्रवात के रूप में भी जाना जाता है, एक मौसम संबंधी घटना है। यह तब होती है जब वायुमंडल में अचानक कम दबाव की प्रणाली विकसित होती है। इसमें तेज हवाओं के साथ तेजी से वायु दबाव में गिरावट होती है। इस दौरान भारी बर्फबारी,बारिश, तेज हवाओं और आंधी सहित कई गंभीर मौसमी गतिविधियां होती हैं।

बम चक्रवात सामान्य तौर पर सर्दियों के महीनों से जुड़ा होता हैं, लेकिन ये अन्य मौसमों के दौरान भी हो सकते हैं। मध्य अक्षांशों जैसे पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप और एशिया में बम चक्रवात की घटना सबसे आम हैं। गुरुवार को इस घटना की वजह से अमेरिका के मिनेपोलिस और सेंट पॉल शहरों में 8 इंच से ज्यादा की मोटी बर्फ की चादर बिछ गई। इस चक्रवात की असर कनाडा में भी देखा जा रहा है।

बहुत खतरनाक है प्रवृति:
बम चक्रवात बहुत खतरनाक हो सकते हैं, क्योंकि वे तेज हवाएं और भारी हिमपात ला सकते हैं, इससे वायुमंडल के निचले हिस्से में भारी हड़कंप मच जाता है। विमानों के परिचालन पर बुरा असर पड़ने से यात्रा सेवा ठप पड़ जाती हैं। इसके अलावा दैनिक गतिविधियां भी बाधित हो जाती हैं। इस चक्रवात से बिजली की कटौती और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंच सकता है।

बम चक्रवातों के असर से बचने के लिए अक्सर लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह मौसम विज्ञान एजेंसियों द्वारा जारी की जाती है।  इसमें घर के अंदर रहना, यात्रा से बचना और आपातकालीन आपूर्ति किट को हाथ में रखना शामिल हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button