Lok Sabha Election 2024: नरेंद्र मोदी के पास पंडित नेहरू की बराबरी का मौका, NDA के निशाने पर कांग्रेस का यह रिकॉर्ड

HIGHLIGHTS
- नेहरू के अलावा किसी प्रधानमंत्री को नहीं मिला लगातार तीन बार जनादेश
- 1984 में राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को मिली थी रिकॉर्ड 415 सीटें
- एनडीए ने इस बार दिया है 400+ का नारा, भाजपा की नजर 370+ सीट पर
ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तारीखों का ऐलान किसी भी वक्त हो सकता है। सत्ता पक्ष के साथ ही सभी विपक्षी दल तैयार हैं। यह चुनाव न केवल देश के भविष्य, बल्कि राजनीति की दशा-दिशा के लिए भी अहम होगा।
नरेंद्र मोदी के निशाने पर पंडित नेहरू का यह रिकॉर्ड
इन चुनावों में भाजपा और एनडीए की जीत होती है और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो वे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। अभी नेहरू देश के इकलौते नेता हैं, जो लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बने। यहां तक कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी ऐसा नहीं कर सके। अब मोदी के पास मौका है।
- पं नेहरू: लगातार तीन लोकसभा चुनाव- 1952, 1957 और 1962 में जीत के बाद बने प्रधानमंत्री।
- इंदिरा गांधी: 1972 में लगातार दूसरी बार पीएम बनीं, लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में मिली हार ने लगातार तीसरी पारी की राह पर विराम लगा दिया।
- राजीव गांधी: इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी पीएम बने, लेकिन 1989 के आम चुनाव में लगातार दूसरी पारी नहीं मिल पाई।
- नरेंद्र मोदी: 2014 में पहली बार पीएम बने। 2019 में भाजपा ने 300+ सीट हासिल की। अब 2024 में तीसरी बार पीएम बनने का मौका।
लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीट जीतने का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम
देश में लोकसभा चुनाव के इतिहास में सबसे ज्यादा सीटें जीतने का रिकॉर्ड कांग्रेस के नााम है। 1984 के चुनाव में कांग्रेस ने 415 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया था।
इस बार भाजपा ने सहयोगी दलों को मिलाकर 400+ का नारा दिया है। साथ ही पार्टी ने खुद के लिए 370 लोकसभा सीट का लक्ष्य रखा है। ऐसे में मोदी की लहर चली तो कांग्रेस का यह रिकॉर्ड भी टूट जाएगा।