Ram Mandir Pran Pratishtha: महाकाल मंदिर में एक साथ होली- दीपावली, भस्‍मारती से पहले लाई गई राम दरबार की मूर्ति, फूलों की वर्षा के साथ आतिशबाजी"/>

Ram Mandir Pran Pratishtha: महाकाल मंदिर में एक साथ होली- दीपावली, भस्‍मारती से पहले लाई गई राम दरबार की मूर्ति, फूलों की वर्षा के साथ आतिशबाजी

भस्‍मारती में मंगलगान के साथ फूलों की वर्षा हुई। आतिशबाजी की गई। इस तरह होली और दीपावली एक साथ मनाई गई।

HIGHLIGHTS

  1. धर्मधानी उज्जैन में महामहोत्सव के रूप में मनाया जा रहा श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव
  2. भक्‍तों के गजब के उत्‍साह के बीच बाबा का अभिषेक किया गया।
  3. राम दरबार की प्रतिमा को महाकाल के पास आसन लगाकर विराजमान किया गया।

उज्जैन। अयोध्या में आज होने वाले श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव धर्मधानी उज्जैन में महामहोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में तड़के 4 बजे भस्म आरती से उत्सव की शुरुआत हुई। भस्‍मारती में मंगलगान के साथ फूलों की वर्षा हुई। आतिशबाजी की गई। इस तरह होली और दीपावली एक साथ मनाई गई। भक्‍तों से खचाखच भरे मंदिर परिसर में भस्‍मारती से पहले राम दरबार की मूर्ति लाई गई।

 
 

महाकाल मंदिर में पुजारियों ने प्रतिदिन की तरह पट खोले। भक्‍तों के गजब के उत्‍साह के बीच बाबा का अभिषेक किया गया। राम दरबार की प्रतिमा को महाकाल के पास आसन लगाकर विराजमान किया गया। आरती में पुजारियों ने फुलझड़ी जलाकर खुशियां मनाई। फूलों की वर्षा की गई।

महाकाल को प्रत्येक आरती में पांच क्विंटल फूल अर्पित किए जाएंगे। शाम को एक लाख दीप प्रज्वलित कर दीपावली मनाई जाएगी। इधर शिप्रा के सिद्धवट घाट पर 101 तीर्थ पुरोहितों द्वारा चतुर्वेद मंत्र से पयोधारा अभिषेक कर श्रीराम स्तुति की जाएगी। नगर के अन्य मंदिरों में उत्सवी छटा बिखरेगी। शहरभर में अखंड रामायण, सुंदरकांड व भजन संध्या के आयोजन होंगे। पांच सौ साल बाद आए इस खुशी के मौके पर रंगारंग आतिशबाजी भी की जाएगी।

 

ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में तड़के 4 बजे भस्म आरती में भगवान महाकाल का पंचामृत, फलों के रस तथा सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक कर सोने चांदी के आभूषणों से श्रृंगार किया गया। भगवान को पांच क्विंटल फूल अर्पित कर प्रभुश्री राम को खिरान का भोग लगाया गया।

आरती के बाद भक्तों को प्रसादी का वितरण हुुुआआ। मंदिर समिति भक्तों को दिनभर मोहन भोग (हलवा) का वितरण करेगी। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम की महाआरती की जाएगी। शाम को शिखर दर्शन परिसर तथा कोटितीर्थ कुंड के आसपास एक लाख दीप प्रज्वलित कर राम दीपावली मनाई जाएगी। साथ ही रंगारंग आतिशबाजी का आयोजन भी होगा। भक्तों को अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए मंदिर परिसर में विशाल स्क्रीन भी लगाई जाएगी।

 

चामुंडा माता को लगेगा 1 लाख 11 हजार लड्डुओं का भोग

चामुंडा चौराहा स्थित श्री क्षत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर में श्री राम मंदिर प्रतिष्ठा उत्सव के अवसर पर मां चातुंडा को एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह लड्डूओं का महाभोग लगाया जाएगा। भक्तों को महाप्रसादी का वितरण होगा।

आज श्री राम वन गमन पथ का निशुल्क दर्शन कर सकेंगे

जिला वन मंडल श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव मना रहा है। जिला वन मंडल अधिकारी डा.किरण बिसेन ने बताया अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्रतिष्ठा के अवसर पर सोमवार को मक्सी रोड स्थित नगर वन में नगरवासियों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। राम भक्त नगरवन में श्रीराम वन गमन पथ का निशुल्क दर्शन कर सकते हैं। बता दें आमदिनों में नगर वन स्थित श्रीराम वन गमन पथ को देखने के लिए 12 रुपये का टिकट खरीदना होता है।

 

सिख समाज बांटेगा 11 हजार लड्डू

सिख समाज द्वारा श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। जत्थेदार सुरेंद्रसिंह अरोरा व संरक्षक इकबालसिंह गांधी ने बताया दोपहर 1.30 बजे टावर चौक पर शुक्राने की सामूहिक अरदास की जाएगी। साथ ही ग्यारह हजार लड्डूओं का वितरण किया जाएगा।

श्री क्षेत्र पंडा समिति करेगी दीपदान

श्री क्षेत्र पंडा समिति द्वारा शिप्रा तट पर श्रीराम मंदिर प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया जाएगा। अध्यक्ष पं.राजेश त्रिवेदी ने बताया श्रीराम उत्सव में समिति सदस्य सपरिवार शामिल होंगे। शाम 5 बजे शिप्राजी के साथ प्रभुश्रीराम की महाआरती की जाएगी। पश्चात शिप्रा में दीपदान किया जाएगा। पं.उमेश भट्ट, पं.सोहन भट्ट, पं.महेंद्र दत्त शास्त्री, पं.धर्मेश हाड़ा, पं. दीपक पांडे, पं.मनीष डब्बावाला आदि ने पुरोहित परिवारों से महाआरती में शामिल होने का अनुरोध किया है।

 

गुरवेश्वर महादेव मंदिर में मनेगी दीपावली

गुरव ब्राह्मण समाज सार्वजनिक न्यास माणकपुरा उज्जैन द्वारा श्री गुरवेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को दीपावली मनाई जाएगी। मकलेश काले ने बताया सुबह 8 बजे भगवान का अभिषेक कर पूजा अर्चना की जाएगी। सुबह 11 बजे हवन होगा। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम की महाआरती की जाएगी। शाम 6.30 बजे मंदिर में दीपोत्सव मनेगा। आतिशबाजी की जाएगी। समाज के महिला पुरुषों द्वारा रामधुन का गायन किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button