Chhattisgarh Politics: सनातन धर्म के किए कार्यों की सूची जारी कर कांग्रेस ने पीएम मोदी को दिया उत्तर"/>

Chhattisgarh Politics: सनातन धर्म के किए कार्यों की सूची जारी कर कांग्रेस ने पीएम मोदी को दिया उत्तर

रायपुर। राज्य ब्यूरो। Chhattisgarh Politics: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने चुनावी भाषण में राज्य सरकार के भ्रष्टाचार और सनातन विरोध को मुख्य मुद्दा बनाया। अब कांग्रेस इसका जवाब राज्य सरकार के उन कामों को गिनाकर दे रही है, जो सनातन धर्म के लिए किया गया है।

कांग्रेस ने पीएम मोदी के रायपुर और रायगढ़ की सभा में दिए भाषण के लगे आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब पेश करना शुरू किया है। पीएम मोदी ने आइएनडीआइए गठबंधन को सनातन के खिलाफ बताया, तो कांग्रेस ने प्रदेश में धर्म को लेकर किए काम की सूची जारी की। इसमें श्रीराम वनगमन पथ, कौशल्या मंदिर, आदिवासी क्षेत्रों में देवगुड़ी के लिए दी गई राशि का उल्लेख है।

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण से लेकर आदिवासियों की देवगुड़ी के विकास का काम किया। प्रदेश में राम वनगमन पथ बनाया गया, जहां नौ स्थानों पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगाई गई। उत्तर छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा तक बन रहे राम वन गमन पथ में लोगों को कदम-कदम पर भगवान श्रीराम के दर्शन होंगे।

राम वन गमन पथ के कुल लंबाई 2260 किलोमीटर है। इन रास्तों पर किनारे जगह-जगह साइन बोर्ड, श्रीराम के वनवास से जुड़ी कथाएं देखने और सुनने को मिल रही हैं। वहीं, राजधानी रायपुर से 35 किलोमीटर दूर चंदखुरी में माता कौशल्या के मंदिर का सुंदरीकरण किया गया। इस पर सरकार ने करीब दस करोड़ रुपये खर्च किए।

राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में कृष्ण कुंज का निर्माण किया है। इसकी शुरुआत एक साल पहले कृष्ण जन्माष्टमी पर की गई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी के तेलीबांधा स्थित कृष्ण कुंज का लोकार्पण किया। कृष्ण कुंज में नीम, पीपल, कदंब, आम, इमली, बेर, गंगा और औषधीय पेड़ लगाए जा रहे हैं।

देवगुड़ी आदिवासियों की आस्था का प्रतीक: बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता पीएम मोदी के बहकावे में नहीं आने वाली है। वह आइएनडीआइए गठबंधन को सनातन विरोधी बता रहे हैं, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने सनातन के साथ-साथ सभी वर्गों के लिए काम किया है। देवगुड़ी आदिवासियों की आस्था का प्रतीक है। इसके लिए सरकार ने एक-एक लाख रुपये दिया। इसका असर यह हुआ कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक देवगुड़ी का संरक्षण किया जा रहा है।

गाय को बचाने गोठान बने, हो रही गोबर की खरीदी

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने सनातन धर्म के लिए कार्यों की सूची जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार गाय और गोबर की चिंता की गई। राज्य सरकार ने गोठान बनाए और दो रुपये किलो में गोबर की खरीदी की। इससे सनातन की आस्था वाली गाय के साथ गांव के लोगों का भी विकास हुआ।

भ्रष्टाचार के जवाब में जारी की विकास कार्यों की सूची

पीएम मोदी के भाषण में भ्रष्टाचार प्रमुख रहा। इसका जवाब कांग्रेस ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों से दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने स्वास्थ्य सुविधा में विस्तार, धान खरीदी का आंकड़ा पेश करके कहा कि यह बदलाव पिछले पांच साल में आया है। जबकि प्रदेश में 15 साल भाजपा की सरकार थी, लेकिन इस दिशा में कोई काम नहीं किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button