Train Accident: नरसिंहपुर-करेली के बीच पटरी से उतरा मालगाड़ी का डिब्बा, कई ट्रेनें हुई प्रभावित

Jabalpur News: जबलपुर मंडल के नरसिंहपुर-करेली के बीच एक माल गाड़ी का डिब्बा शनिवार रात पटरी से उतर जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया।

Train Accident: जबलपुर/नरसिंहपुर

जबलपुर मंडल के नरसिंहपुर-करेली के बीच एक माल गाड़ी का डिब्बा शनिवार रात पटरी से उतर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि रेलवे ने सुबह डाउन लाइन से रेल यातायात चालू कर दिया है। अप लाइन यातायात प्रभावित रहने के कारण अभी 4 रेल गाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी। साथ ही जबलपुर से रानीकमलापति जाने वाली जनशताब्दी एवं जबलपुर वंदे भारत ट्रेन को आज 2 घंटे रि-शिड्यूल किया गया। वहीं पटरी से उतरकर पलटे गार्ड के डिब्बे को अलग कर दिया गया है।

बीती रात सवा 12 बजे यह हुई घटना

दरअसल जबलपुर से इटारसी की ओर जा रही मालगाड़ी के गार्ड का डिब्बा नरसिंहपुर-करेली रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गया और मेन लाइन पर जाकर गिर गया। घटना रात लगभग 12:15 बजे के बीच हुई। दुर्घटना की वजह से जबलपुर से इटारसी की ओर जाने वाली और इटारसी से जबलपुर की ओर आने वाली ट्रेनों को तत्काल रोक दिया गया। जबलपुर स्टेशन पर दुर्घटना की जानकारी लगते ही आला अधिकारी जबलपुर के रेल कंट्रोल रूम पहुंच गए। इधर जबलपुर से घटना स्थल की ओर 30 मिनट बाद राहत रिलीफ ट्रेन और पटरी सुधारने वाले कर्मचारियों को मौके पर रवाना किया।

यात्रियों को दी गई जानकारी

जबलपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन डायरेक्टर मृत्युंजय सिंह ने बताया कि जबलपुर से इटारसी की ओर जा रही मालगाड़ी का गार्ड डिब्बा पटरी से उतर गया है, जिस वजह से रेल यातायात अवरुद्ध हो गया है। जबलपुर स्टेशन पर यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। जैसे ही पटरी क्लियर हो जाएगी, जबलपुर से ट्रेनों को नरसिंहपुर, इटारसी की ओर रवाना किया जाएगा। इस घटना से किसी के भी जान माल की हानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि यह हादसा कपलिंक टूटने से हुआ जिसके बाद मालगाड़ी का गार्ड का डिब्बा ब्रेक यान पटरी से उतरकर पलट गया।

ये ट्रेन हुई प्रभावित

रेलवे के अनुसार जबलपुर से जाने वाली गाड़ी संख्या 20174 जबलपुर रानी कमलापति रविवार को 2 घंटे रि-शिड्यूल करके चलाई गई। वंदे भारत ट्रेन निर्धारित समय प्रातः 6.00 बजे के बजाए जबलपुर से 8.00 बजे रवाना की गई। वहीं गाड़ी संख्या 12062 जबलपुर रानी कमलापति जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी आज 2 घंटे रि- शिड्यूल करके चलाया गया। यह ट्रेन निर्धारित प्रस्थान समय प्रातः 5.30 बजे के बजाए जबलपुर से 7.30 बजे प्रस्थान किया गया। रेल दुर्घटनाकी वजह से कई ट्रेनों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं। दानापुर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12792 दानापुर -सिकंदराबाद को आज जबलपुर कछपुरा गोंदिया नागपुर होकर चलाया जाएंगा। वहीं रक्सौल से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 07008 रक्सौल- सिकंदराबाद , जबलपुर- कछपुरा गोंदिया नागपुर होकर जाएंगी। पटना से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 12742 पटना वास्को डी गामा वाया कटनी- बीना -भोपाल -इटारसी होकर चलाई जाएगी। ट्रेन 19046 छपरा सूरत वाया कटनी बीना भोपाल इटारसी होकर चलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button