CG Election 2023: 90 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की घोषणा पत्र सुझाव पेटी, हर वर्ग से मांगे जाएंगे सुझाव

रायपुर। राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ भाजपा की घोषणा पत्र समिति की बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। भाजपा ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में घोषणा पत्र सुझाव पेटी रखने का निर्णय लिया है। इसमें सभी वर्ग के लोगों से सुझाव मांगे जाएंगे। सुझावों का फीडबैक भाजपा मुख्यालय तक पहुंचाने के लिए भी व्यवस्था हुई है। इसके लिए 31 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति को 15 उप विभागाें में बांट दिया गया है। सभी सदस्यों को एक वाट्सग्रुप जोड़ दिया गया है जिससे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें।

15 उप समितियों में बटी 31 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति

पार्टी सूत्रों की माने तो सभी सदस्य प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में दौरा करेंगे। वह पान ठेला, गार्डन में घूमने वाले लोग, आम जनों से मिलेगे। किसान, महिला, युवा, बुजुर्ग सभी से पूछेंगे कि उन्हें क्या चाहिए। इस फीडबैक के आधार पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। भाजपा घोषणापत्र समिति की बैठक प्रदेश प्रभारी व चुनाव प्रभारी ओम माथुर,भाजपा प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह, घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल मौजूद रहे।

चलेगा अंतिम व्यक्ति का फार्मूला

भाजपा ने गरीबों तक पहुंचा सकने वाली कल्याणकारी योजनाओं को लेकर मंथन किया। इसमें एक बार फिर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की योजना पर चर्चा हुई।ओम माथुर ने निर्देश दिया कि जनता के हृदय को छूने जैसे विषयों पर कार्य करना है। कांग्रेस शासन में जनता ने जो कष्ट भोगा है, घोषणापत्र बनाते समय ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा को गरीबों की पार्टी बनाया है, हमारा दायित्व है कि इसे हम अंतिम व्यक्ति तक ले कर जाएं।

किसान-मजदूर पर फोकस

पार्टी सूत्रों की माने तो भाजपा ने किसानों को साधने पर जोर दिया है। भाजपा एक ऐसी योजना लेकर आना चाहती है जो कि प्रदेश कांग्रेस की कर्ज माफी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के मुकाबले अधिक प्रभावकारी हो। भाजपा नेता गांव-गांव जाकर किसान संगठनों से मुलाकात करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि घोषणापत्र से प्रदेश का कोई भी वर्ग अछूता न रहे।

सभी वर्ग पर रहेगा जोर

भाजपा के लोग समिति बनाकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। लोगों के सुझाव लेंगे। लोगों की अपेक्षाओं को देखेंगे। हर वर्ग के लोग, हर प्रकार के लोग, उनके जीवन स्तर और उनकी जरूरतें, सभी पर हमारा ध्यान केंद्रित है। चाहे वह किसान हों, मजदूर हों, युवा हों, महिलाएं हों, बुजुर्ग हो, दिव्यांग हो,पत्रकार हो,खिलाड़ी हो, विद्यार्थी हों, कर्मचारी या अधिकारी हों, बेरोजगार हों, लघुउद्यमी हों, बिल्डर हों, उद्योगपति हों, अधिवक्ता संघ, सामाजिक संगठन, आर्थिक विशेषज्ञ, बुद्धिजीवी,लोक कलाकार, छत्तीसगढ़ फिल्म जगत प्रत्येक वर्ग हम से क्या अपेक्षा करता है, इन बातों का समावेश घोषणा पत्र में करेंगे।

भाजपा घोषणा पत्र समिति के संयोजक सांसद विजय बघेल ने कहा कि राज्य की जनता कांग्रेस के झूठ से तंग आ चुकी है। भाजपा सत्य आधारित विकास मूलक घोषणा पत्र तैयार करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, भाजपा छत्तीसगढ़ की खुशहाली का घोषणा पत्र देगी। आरंभिक रूप से हमने तय किया है कि समिति के सदस्य विधानसभा स्तर तक जाएंगे। लोगों के सुझाव लेंगे। जो छत्तीसगढ़ की क्षमता है, जो छत्तीसगढ़ की ताकत है, छत्तीसगढ़ की अपेक्षा है, जो जनआकांक्षा है, उसके अनुरूप एक अच्छा घोषणा पत्र लेकर आएंगे। ताकि हम छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ा सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button