खिली-खिली सी धूप, चमक उठी बारिश की बूंदें, बिलासपुर संभाग के पहाड़ों में प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा

रविवार को न्यायधानी में मौसम सुहावना बना रहा। खिली-खिली सी धूप रही। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादलों का झुंड दिखाई दिया। शहर सहित आसपास ग्रामीण अंचल में बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्र कोटा में बारिश की गतिविधियां अधिक थी। तापमान में गिरावट के साथ उमस भी रही। पढ़ें आज मौसम का हाल...

HIGHLIGHTS

  1. शहर में हल्की उमस, तापमान में गिरावट
  2. मौसम खुलने से आमजन को थोड़ी राहत
  3. बारिश के बाद चमक उठा प्राकृति का सौंदर्य

बिलासपुर। अच्छी बात यह कि रवि को मौसम खुलने से आमजन को राहत मिली। मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर दिल्ली, उरई, श्रीगंगानगर, सीधी, दीघा और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।

एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से बांग्लादेश तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 12 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटें पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई एक दिन पहले तापमान जहां 33 डिग्री सेल्सियस था तो वहीं आज पारा 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इधर रविवार को धूप के बीच बारिश की बूंदें घास और वृक्ष के पत्तों पर चमक बिखेर रही थी।

सुनहरी धूप के बीच बूंदों का आकर्षण देखते बन रही थी। इस मौसमी बदलाव के बाद आमजन ने राहत की सांस ली। घरों के आंगन और छतों पर कपड़े सूखते नजर आए। जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में सुविधा हुई। खेतों में काम कर रहे किसान भी वर्षा के बाद की पहली धूप का आनंद लेते हुए अपने काम में व्यस्त हो गए।

पहाड़ों में प्राकृतिक सौंदर्य

सावन का महीना प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर होता है। इन दिनों चारों ओर हरियाली की चादर बिछी हुई है। पेड़ों पर हरे पत्ते झूमते नजर आ रहे हैं। अरपा नदी कल-कल कर बह रही है। वर्षा की बूंदें जमीन को ताजगी प्रदान कर रही हैं, जिससे वातावरण में ठंडक और शांति का अहसास हो रहा है। पेंडारोड की पहाड़ियों में प्राकृतिक सौंदर्य देखते बन रहा है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

 

बिलासपुर 30.0 25.6

पेंड्रारोड 30.6 22.4

अंबिकापुर 30.0 23.8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button