हेलो डॉक्टर: गलत खानपान से ही शुरू होता है पेट संबंधी विकार,डा़ॅ. प्रतीक ने पेट को स्वस्थ रखने के बताए बेहतरीन उपाय

पिछले 20 से 30 सालों में भोजन में काफी बदलाव आया है। सामान्य भोजन की जगह फास्ट फूड व नए प्रकार के भोजन आ चुके हैं। इसे पचाना कठिन रहता है और इसका ज्यादा सेवन भी शरीर के लिए ठीक नहीं होता है। ऐसा भोजन धीरे-धीरे पेट संबंधी विकारों को जन्म देने लगते हैं। इसी वजह से आज बहुतायात में लोग पेट संबंधी समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं।

HIGHLIGHTS

  1. भोजन में लगातार हो रहे बदलाव ही पेट संबंधी विकारों की असल वजह है।
  2. सामान्य भोजन की जगह फास्ट फूड व नए प्रकार के भोजन आ चुके हैं।
  3. ऐसे भोजन ज्यादा सेवन से धीरे-धीरे पेट संबंधी विकारों को जन्म देने लगते हैं।

बिलासपुर। गेस्ट्रोएंट्रोलाजिस्ट व लीवर रोग विशेषज्ञ डा़ प्रतीक छाबड़ा ने दी पाठकों को जरूरी सलाह हेलो डाक्टर शहर के जाने-माने गेस्ट्रोएंट्रोलाजिस्ट व लीवर रोग विशेषज्ञ डा़ प्रतीक छाबड़ा का कहना है कि भोजन में लगातार हो रहे बदलाव ही पेट संबंधी विकारों की असल वजह है। लोग पहले संतुलित व पौष्टिक भोजन करते थे। इससे बीमारियों की आशंका न के बराबर रहती थी।

डा. प्रतीक छाबड़ा बुधवार की दोपहर 12 से एक बजे तक नईदुनिया कार्यालय में मौजूद रहे। इस दौरान फोन पर पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया। एक घंटे के इस कार्यक्रम में ज्यादातर लोगों ने पेट संबंधी समस्याओं में गैस, एसिडिटी, पेट का फूलना, कब्ज, मोशन सही नहीं होना, मल में खून आना, डकार आना जैसी समस्याओं पर परामर्श मांगा। डा. छाबड़ा ने इस दौरान पाठकों की समस्याओं को सुना और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया। ये परामर्श अब पेट की समस्याओं से जूझ रहे पाठकों के लिए बेहद ही उपयोगी साबित होगी।

पेट को स्वस्थ रखने के लिए ये करें

  • नियमित व्यायाम करें
  • संतुलित भोजन करें
  • खाना खाने के दो घंटे बाद सोएं
  • तेल, चिकना खानपान न खाएं
  • घर के बनें भोजन को ही खाएं
  • रखा हुआ खाना खाने से परहेज करें
  • तीन से चार लीटर पानी पीना चाहिए
  • खाना खाने के आधा घंटा पहले और दो घंटे बाद पानी पीएं
  • फास्ट फूड और स्ट्रीट फूड से बचें
  • रिफायंड खाद्य पदार्थ के सेवन से बचें

पेट फूलता है तो इसका सेवन न करें

डा. प्रतीक छाबड़ा के मुताबिक अनियमित खानपान की वजह से गैस के साथ ही पेट फूलने की समस्या भी बढ़ती जा रही है। यदि पेट फूलने की समस्या हो रही है तो सोयाबिन, दूध, अंडा, विभिन्न प्रकार के नट्स, मछली आदि का सेवन न करें। इसके अलावा संतुलित भोजन लें और कसरत करें। इससे पेट फूलने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

रिफाइंड खाद्य सामग्री का सेवन न करें

डा़ प्रतीक ने बताया कि जो भी खाद्य सामग्री रिफाइंड होती है, उसका सेवन शरीर के लिए ठीक नहीं होता है। आज कल चावल, दाल, चीनी, तेल के साथ अन्य प्रकार की खाद्य सामग्री को रिफाइंड कर बेचा जा रहा है। ज्यादातर लोग इसी का सेवन कर रहे हैं, जो शरीर के लिए देर सवेर हानिकारक साबित होता है। ऐसे में बिना रिफाइंड खाद्य सामग्री का ही सेवन करना चाहिए।

सिर्फ फलों का सेवन ही संतुलित आहार नहीं

डा़ प्रतीक का कहना है कि आज कल लोगों में यह धारणा बन चुकी है कि यदि हम सिर्फ फलों का ही सेवन करें तो संतुलित आहार की जरूरत पूरी हो जाएगी।यह धारणा गलत है। फलों में हर प्रकार के पोषक तत्व नहीं होते हैं। ऐसे में भोजन करना भी जरूरी रहता है। तभी शरीर को संपूर्ण पोषक तत्व मिलता है और शरीर का सही विकास होता है। फलों का सेवन दिन में एक या दो बार ही करना चाहिए। उसमें भी फाइबर रीच फल का सेवन करना चाहिए, इससे पेट संबंधी समस्या नहीं होगी।

युवाओं के लिए खतरनाक है स्ट्रीट फूड

डा़ प्रतीक का कहना है कि युवा वर्ग स्ट्रीट फूड और फास्ट फूड पसंद करते हैं। इसका ज्यादा सेवन खतरनाक साबित हो रहा है। पेट संबंधी समस्याएं पैदा होने के साथ ही मोटापे का शिकार हो सकते हैं। स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड, एनर्जी ड्रिंक का ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए। घर का संतुलित भोजन ही हमारे पेट के लिए सही होता है।

सवाल-जवाब

प्रियंका, कोरबा सवाल: कुछ दिनों से गैस की समस्या है।

जवाब: अक्सर गलत खानपान की वजह से ऐसा होता है, जो अपने आप ही ठीक हो जाता है। यदि समस्या कई दिनों से बनी हुई है,तो सादा भोजन करें, ठीक हो जाएगा। यदि इसके बाद भी ठीक नहीं होता है, तो चिकित्सक से संपर्क करें।

दुर्गा शर्मा, अकलतरा सवाल: पेट साफ नहीं होता है और मुंह में छाले हो रहे हैं।

जवाब: पेट साफ नहीं होने के साथ ही मुंह में छाले होना का मतलब पेट में गर्मी ज्यादा हो गई है। इस वजह से पेट को इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना दो से तीन लीटर पानी पीएं और संतुलित भोजन लें समस्या दूर हो जाएगी। अरुण राय, नेहरू नगर सवाल: दोपहर में खाना खाने के बाद पेट खराब हो जाता है। जवाब: दोपहर के समय में ज्यादा मसालेदार व हैवी भोजन करते होंगे। इसलिए दोपहर के भोजन के बाद पेट खराब होने की समस्या हो रही है। एक बार अपने डाक्टर को दिखाएं। पेट में संक्रमण की वजह से भी ऐसा हो सकता है।

शिवशंकर गुप्ता, बिटकुली सवाल: 15-20 साल से पेट खराब है, मोशन सही नहीं होता है।

जवाब: यह तो लंबा समय हो गया है, आपको पेट की समस्या झेलते हुए। एक बार डाक्टर से जांच कराना जरूरी हो गया। कुछ जांच के बाद समस्या का कारण पता चल पाएगा। इसी के बाद इसका इलाज संभव होगा।

पंचराम, अंबिकापुर सवाल: मोशन की समस्या है, पेट में दर्द रहता है।

जवाब: मोशन की समस्या के साथ पेट में दर्द होने के कारणों को जानना होगा। कुछ दिन मसालेदार भोजन, चाय, काफी का सेवन कम करें व नियमित कसरत करें, आराम मिलेगा। यदि इससे ठीक नहीं हुआ तो चिकित्सक से परामर्श लें।शिव कुमार तिवारी, रतनपुर सवाल: पेट में कड़ापन रहता है। जवाब: पाचन क्रिया सही नहीं होने और लंबे समय तक मोशन नहीं होने से पेट में कड़ापन आ जाता है। यदि समस्या लंबे समय से बना हुआ है, तो एक बार डाक्टर से जांच कराएं। समस्या आसानी से दूर हो जाएगाी। घबराने की बात नहीं है।

रामकुमार, घुरू सवाल: खाने के बाद पेट फूल जाता है और डकार आती है।

जवाब: आपकी पाचन क्षमता कमजोर होने के लक्षण हैं। इसी वजह से भोजन पचने की प्रक्रिया धीमी होती है और गैस बनने की वजह से पेट फूलने लगता है और बार-बार डकार आता है। भोजन नियमित करें, मसालेदार भोजन से बचें। रोजाना दही का सेवन करने से लाभ मिलेगा।

बलभद्र दास मानिकपुरी सवाल: पेट फूल रहा है और गैस बन रहा है।

जवाब: बीच-बीच में इस तरह की समस्या हो जाती है। घबराने की बात नहीं है। भोजन में बदलाव करें। संतुलित व सादा भोजन लें। दही का सेवन करें। नियमित कसरत करने की आदत डालें। धीरे-धीरे समस्या दूर होने लगेगी।

जवाहर गुप्ता, अंबिकापुर सवाल: पेट में बहुत गैस बनता है। बार-बार टायलेट जाना पड़ता है।

जवाब: आपने बताया कि यह समस्या बचपन से है। यदि ऐसा है तो एक बार चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है। चिकित्सक जांच कर ही पता लगा पाएंगे कि ऐसा क्यों हो रहा है। इसी के आधार पर इसका दवा के माध्यम से उपचार हो जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button