CG Weather Update: तल्ख हुआ गर्मी का तेवर, सीजन में पहली बार 45 डिग्री पहुंचा तापमान"/>

CG Weather Update: तल्ख हुआ गर्मी का तेवर, सीजन में पहली बार 45 डिग्री पहुंचा तापमान

 रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी शुरू हो गई है और प्रदेश का पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश में डोंगरगढ़ सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी डोंगरगढ़ का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

 
 

विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह सोमवार छह मई से प्रदेश में बारिश शुरू होने के आसार है। संभावना है कि इसके चलते अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा और मतदान वाले दिन यानी सात मई को भी लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। दोपहर की तपिश के साथ ही गर्म हवाओं ने लोगों को हलाकान कर दिया है और गर्मी से हाल बेहाल होने लगा है।

 

शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं बिलासपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। शुक्रवार को भी प्रदेश के नौ से ज्यादा क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पारा रहा।

न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री तक आई गिरावट

एक ओर अधिकतम तापमान में जहां बढ़ोतरी हो रही है। वहीं रात के तापमान में गिरावट आई है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम रहा। जगदलपुर को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

रायपुर का न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। वहीं प्रदेश भर में बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। एडब्ल्यूएस बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री 40 प्रतिशत बढ़ी

पिछले वर्ष गर्मी के सीजन की तुलना में इस वर्ष इस सीजन में ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री 40 प्रतिशत बढ़ गई है। कंपनियों ने भी लोगों के बजट व मांग का ध्यान रखते हुए उनकी सुविधा के अनुसार नए फ्लेवर वाले ठंडे पेय पदार्थ निकाले है।

ठंडे पेय पदार्थों के इस बाजार में इस वर्ष नई कंपनियां भी आई है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों गन्ना रस, लस्सी, जूस आदि की भी बिक्री बढ़ गई है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि शनिवार से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी दो डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगी। इसके बाद अगले सप्ताह छह मई से वर्षा की गतिविधि शुरू हो सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। बारिश का दौर शुरू होने से गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button