PM Modi In Bastar: आमाबाल गांव पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुरु बलिराम कश्‍यम के गांव से करेंगे चुनावी शंखनाद"/>

PM Modi In Bastar: आमाबाल गांव पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुरु बलिराम कश्‍यम के गांव से करेंगे चुनावी शंखनाद

 PM Modi Visit Bastar: छत्‍तीसगढ़ के बस्‍तर जिले के भानपुरी से लगे आमाबाल गांव में चुनावी सभा को संबोधित करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जगदलपुर पहुंच गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के बाद यह पीएम मोदी का पहला दौरा होगा। पीएम बस्तर के आमाबाल गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का विजय संकल्प शंखनाद रैली में संबोधन..

इससे पहले रैली को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, दुनिया को संदेश देने वाले, दुनिया को मार्गदर्शन देने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीर गुंडाधूर की धरती पर आ रहे हैं। युवा, महिला, किसान, मजदूर सबका सम्मान इस सरकार ने किया है जो इतिहास में दर्ज होने जा रहा है।

रैली में मंत्री केदार कश्‍यप ने कहा, विजय शंखनाद बस्तर से शुरू हो रहा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस जनहित के कार्यों पर मोहर लगा रहे हैं, उसे मुख्यमंत्री विष्‍णुदेव साय जी की सरकार तत्परता से कर रही है।

‘विजय संकल्प’ रैली को संबोधित करते हुए उपमुख्‍यमंत्री विजय शर्मा जमकर गरजे। उन्‍होंने कहा, एक समय पाकिस्तान कश्मीर मांगता था, आज आटा मांग रहा है। वो घुसपैठ किया करते थे, आज मारे जा रहे हैं। आज श्रीनगर में रात 9 बजे के बाद लोग फिल्म देखने जाते हैं। यह पूरी स्थिति बदल गई है, आज नार्थ ईस्ट के राज्यों में भी परिस्थिति बदल गई है ।

बस्तर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हेमंंत कश्‍यप ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उम्‍मीदवार और पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा, जिन लोगों की वजह से बस्तर बदनाम है, उनको कांग्रेस ने लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है।

बस्तर लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विजय संकल्प’ रैली पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, हम (मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री) रैली में शामिल होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है। आज की रैली सफल होगी ही और प्रभावी भी होगी।

जानिए कौन है बलिराम कश्‍यप

पीएम मोदी ने चुनावी सभा के लिए आम गांव की दिखने वाला आमाबाल गांव को इसलिए चुना, क्‍योंकि इसका कनेक्‍शन उनके गुरु बलिराम कश्‍यप से है। दरअसल, अपने पांच दशक की राजनीति में पांच बार विधायक और चार बार सांसद रहे स्वर्गीय बलिराम कश्यप बस्तर में भाजपा के अपने समय के सबसे प्रमुख नेता थे।

शिक्षक की नौकरी से त्यागपत्र देकर 1967 में उन्होंने जगदलपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। जनसंघ के नेता 1971 में लोकसभा चुनाव भी लड़े लेकिन हार मिली। 1972 से 1993 तक वह पांच बार विधायक और दो बात बीजेपी सरकार में मंत्री थे। 1993 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने प्रदेश की राजनीति छोड़ दी। 1998 में बस्तर सीट से लोकसभा सदस्य चुने गए और मार्च 2011 में उनका निधन हुआ।naidunia_image

इस वजह से बलिराम कश्यप को गुरु मानते हैं पीएम मोदी

इस दौरान चार बार सांसद रहे। 1998 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व मध्यप्रदेश के प्रभारी थे। प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की जगदलपुर में चुनावी सभा की तैयारी के लिए वह चार दिन बस्तर में थे। बलिराम कश्यप की संगठनात्मक व प्रशासनिक क्षमता से मोदी बहुत प्रभावित हुए।

अटल जी की सभा में आई भीड़ से गदगद मोदी ने इसका श्रेय बलिराम को दिया था। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले चार अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालबाग मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए बलिराम कश्यप को याद किया था। उन्होंने बलिराम कश्यप को बड़ा नेता बताते हुए अपना गुरु कहा था।

बलिराम कश्यप ने बस्‍तर से लगातार चार बार दर्ज की जीत

1998 में भाजपा ने बस्तर लोकसभा सीट से जीत का खाता खोला और 2014 तक इस सीट पर किसी और को राज करने नहीं दिया। 1998 से लेकर 2011 तक भाजपा के टिकट पर बलिराम कश्यप ने यहां से लगातार चार बार जीत हासिल की और कांग्रेस को हराया।

लेकिन 2011 में उनके निधन के बाद यहां उपचुनाव करवाए गए, जिसमें उनके बेटे दिनेश कश्यप और कवासी लखमा के बीच मुकाबला हुआ। कश्यप ने जीत दर्ज की। 2014 के चुनाव में भी दिनेश कश्यप ने अपनी जीत को बरकरार रखा और यहां से सांसद चुने गए। हालांकि 2019 के चुनाव में यहां कांग्रेस के दीपक बैज चुनाव जीते और इस गढ़ को भेद सके।

बस्तर लोकसभा सीट में 19 अप्रैल को है मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट में 19 अप्रैल को मतदान होना है। मोदी बस्तर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के पक्ष में प्रचार करेंगे। बस्तर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने छह बार के विधायक कवासी लखमा को चुनाव मैदान में उतारा है। बस्तर लोकसभा सीट में भाजपा को 2019 में हार का सामना करना पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button