Kawasi Lakhma: दो हजार करोड़ के शराब घोटाले वाले विभाग के पूर्व मंत्री लखमा पर कांग्रेस का दांव, भाजपा के महेश कश्यप होगी भिड़ंत"/>

Kawasi Lakhma: दो हजार करोड़ के शराब घोटाले वाले विभाग के पूर्व मंत्री लखमा पर कांग्रेस का दांव, भाजपा के महेश कश्यप होगी भिड़ंत

HIGHLIGHTS

  1. बस्तर में कांग्रेस ने लखमा को दी टिकट तो सियासत भी हुई तेज

राज्य ब्यूरो, रायपुर। Lok Sabha Election 2024: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बस्तर लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री कवासी लखमा को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप से होगा। महादेव आनलाइन सट्टा में फंसे पूर्व सीएम भूपेश बघेल को राजनांदगांव सीट पर उतारने के बाद बाद कांग्रेस ने बस्तर में भी शराब घोटाले की जांच के घेरे में रहे पूर्व मंत्री लखमा पर दांव खेला है। लखमा के चुनावी मैदान में आने के बाद भाजपा-कांग्रेस के बीच सियासत भी तेज हो गई है। भाजपा कह रही है कि शराब घोटाले में पूर्व मंत्री आरोिपत हैं। जबकि कांग्रेस का कहना है कि भाजपा लोकसभा चुनाव में हार के डर से झूठा व मनगढ़ंत आरोप लगाने का प्रयास कर रही है।

बतादें कि केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की जांच के बाद प्रदेश में 2,161 करोड़ के शराब घोटाले में 70 व्यक्तियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है। इसमें पूर्व मंत्री लखमा समेत पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज, सेवानिवृत्त आइएएस अनिल टुटेजा, पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड,कारोबारी अनबर ढेबर समेत अन्य आइएएस-आइपीएस अफसरों के नाम शामिल हैं।

झीरमकांड में भी चर्चा में रहे हैं कवासी लखमा

सुकमा के कोंटा विधानसभा क्षेत्र से छह बार के विधायक लखमा प्रदेश के झीरमकांड में भी चर्चा में रहे हैं। 25 मई 2013 को कांग्रेस नेताओं के काफिले पर सुकमा के झीरम घाटी इलाके में नक्सलियों ने हमला कर दिया था। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल, महेंद्र कर्मा समेत 32 लोगों की हत्या हो गई थी। उस काफिले में लखमा भी थे लेकिन वो बच निकले थे। इसके बाद से इस मामले में उन पर काफी आरोप-प्रत्यारोप किए गए।

लोकसभा का उप चुनाव हार चुके हैं लखमा

2011 में भाजपा सांसद बलीराम कश्यप के निधन के बाद हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने कवासी लखमा को लड़ाया था। उस समय बलीराम के बेटे दिनेश कश्यप और लखमा के बीच मुकाबला हुआ था और लखमा हारे थे।

शराब घोटाले में कवासी भी आरोपित

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा, प्रदेश में हुए झीरमकांड के समय से ही पूर्व मंत्री कवासी लखमा विवादों में रहे हैं और कई बार ऐसी उनकी ऐसी टिप्पणी सामने आई हैं जिससे महसूस किया गया है उन्हें आदिवासी संस्कृति से कोई मतलब नहीं है। वह कभी कहते हैं आदिवासी हिंदू नहीं है तो कभी हिंदुओं के साथ ही मां दुर्गा की मंदिर में चले जाते हैं। बस्तर में कवासी मंत्री रहे लेकिन कोई विकास नहीं किया है। मंत्री का कार्यकाल भी विवादों में रहा। आबकारी विभाग में हुए दो हजार करोड़ से अधिक के घोटाले में मंत्री भी आरोपित हैं। कुछ अधिकारी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी जेल चले गए हैं।

छवि धूमिल करने में लगी भाजपा

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा, बस्तर लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने जैसे ही पूर्व मंत्री कवासी लखमा को प्रत्याशी बनाया है, उसके बाद से भाजपा यहां डरी हुई है। यही कारण है कि भाजपा ने कांग्रेस के नेताओं पर झूठे और अमर्यादित आरोप लगाकर उनका अपमान और छवि धूमिल करने का काम शुरू कर दिया है। भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धि बताने में असमर्थ है इसलिए केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से झूठे आरोपों पर विपक्षी नेताओं के यहां छापे पड़वाए जा रहे हैं। ईडी-सीबीआइ जैसे संस्थान इलेक्शन डिजाइनर बन चुके है। जनता इस बात को समझ रही है। इस बार हम सभी 11 सीटें जीतेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button