Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस-भाजपा के लिए सत्ता का केंद्र बिंदु बनीं नारी शक्ति, राजनीतिक दलों का दावा, नारी शक्ति उनके साथ"/> Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस-भाजपा के लिए सत्ता का केंद्र बिंदु बनीं नारी शक्ति, राजनीतिक दलों का दावा, नारी शक्ति उनके साथ"/>

Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस-भाजपा के लिए सत्ता का केंद्र बिंदु बनीं नारी शक्ति, राजनीतिक दलों का दावा, नारी शक्ति उनके साथ

HIGHLIGHTS

  1. भाजपा महतारी वंदन योजना के भरोसे सत्ता में आने का दावा कर रही है।
  2. भाजपा के घोषणा पत्र के बाद कांग्रेस को पूरक घोषणा पत्र के रूप में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा करनी पड़ी।
  3. प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर महिलाओं ने अधिक वोट किया है।

रायपुर(राज्य ब्यूरो)।Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में राजनीतिक दल नारी शक्ति के समीकरणों को सुलझा रहे हैं। अब तक हुए किसी भी चुनावों में पहली बार ऐसा हो रहा है जब दोनों प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा ने नारियों पर केंद्रित घोषणा पत्र तैयार किया है। मतगणना तीन दिसंबर को होनी है। इसके पहले कांग्रेस बूथ स्तर पर फीडबैक ले रही है कि गृह लक्ष्मी योजना का कितना असर हुआ है, जबकि भाजपा महतारी वंदन योजना के भरोसे सत्ता में आने का दावा कर रही है।

ज्ञात हो कि भाजपा ने इस बार घोषणा पत्र में महतारी वंदन योजना चलाने की घोषणा की है। इसके अनुसार, प्रत्येक विवाहित महिला को हर महीने एक हजार यानी 12 हजार रुपये सालाना मिलना है। भाजपा के घोषणा पत्र के बाद कांग्रेस को पूरक घोषणा पत्र के रूप में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा करनी पड़ी। इसमें दावा किया गया था कि महिलाओं को 15 हजार रुपये सालाना मिलेगा।
 

इस चुनाव में आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर महिलाओं ने अधिक वोट किया है। हालांकि इस बार पुरुषों की तुलना में एक लाख नौ हजार 370 महिला वोटर अधिक हैं। प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या दो करोड़ तीन लाख 96 हजार 160 है, जिसमें महिला मतदाता एक करोड़ दो लाख 56 हजार 846 व पुरुषों में एक करोड़ एक लाख 35 हजार 561 पात्र मतदाता रहे।

महिलाओं पर ऐसे केंद्रित हुआ चुनाव

छत्तीसगढ़ में इस बार पूरा चुनाव महिलाओं पर केंद्रित हो गया है। इसकी वजह भाजपा की महतारी वंदन योजना की घोषणा ही रही है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार पहले ही लाडली बहना योजना में चला रही है। इसमें लाभार्थी महिलाओं को 1,250 रुपये मिलता है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भाजपा ने जब तीन नवंबर को मोदी की गारंटी का संकल्प पत्र जारी किया तो इसमें महिलाओं को हर महीने एक हजार यानी सालभर में 12 हजार रुपये देने की प्रमुख घोषणा थी। प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार बनी तो 60 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं पर भाजपा सालाना 7,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

पांच साल में 36,000 करोड़ रुपये सिर्फ महिलाओं को मिलेगा

भाजपा इसे पूरे पांच साल चलाने का दावा कर रही है। ऐसे में पांच साल में 36,000 करोड़ रुपये सिर्फ महिलाओं को मिलेगा। इधर, पांच नवंबर को कांग्रेस ने भी अपना अधिकृत घोषणा पत्र जारी किया। इसमें महिलाओं के लिए पहले कुछ नहीं था और दीवाली के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महतारी वंदन के जवाब में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा की। दावा किया कि सरकार बनी तो महिलाओं को 15 हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे। यानी कांग्रेस ने भी हर वर्ष 900 करोड़ से अधिक खर्च करने की घोषणा कर दी है।

आयोग तक पहुंची शिकायत

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने महतारी वंदन योजना को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत भी की है कि भाजपा ने आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए चुनाव से पहले ही महतारी वंदन योजना के फार्म भरवाए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ भाजपा के घोषणा पत्र समिति के संयोजक व सांसद विजय बघेल ने कहा कि इस बार सत्ता लाने में मां-बहनों की सबसे बड़ी भूमिका रहेगी। इसके साथ किसानों के आशीर्वाद से भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस के लोग आचार संहिता का उल्लंघन करके प्रचार करते रहे, हमने शिकायत भी की है। अब वह महतारी वंदन योजना की शिकायत कर रहे हैं।

कांग्रेस-भाजपा के पिटारे में अन्य घोषणाएं भी

कांग्रेस ने महिला स्व सहायता समूहों की कर्ज माफी करने की घोषणा की है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 31 जनवरी 2023 की स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2,51,673 महिला स्व सहायता समूह गठित है। इनमें 27,14,513 महिलाएं हैं। इसमें 1,39,345 समूहों पर 135672.49 लाख यानी 1,356 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया बैंक ऋण है।

कांग्रेस गैस सिलिंडर पर 500 रुपये सब्सिडी देगी

भाजपा ने प्रदेश में रानी दुर्गावती योजना की शुरुआत कर बीपीएल वर्ग की बालिकाओं के जन्म पर 1,50,000 का आश्वासन प्रमाण पत्र देने का वादा किया है। कांग्रेस ने गैस सिलिंडर में 500 रुपये की सब्सिडी महिलाओं के खातों में देने का निर्णय लिया है। यानी गैस सिलिंडर की कीमत अगर 1,000 रुपये होगी तो उसमें 500 रुपये कांग्रेस सब्सिडी देगी। जबकि भाजपा ने 500 रुपये में हर गरीब परिवार को सस्ता गैस सिलिंडर देने का वादा किया है।
 
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button