Chhath Puja 2023: आस्था, विश्वास, स्वच्छता का प्रतीक है छठ महापर्व, रायपुर में महादेवघाट पर छाएगा हर्षोल्‍लास"/>

Chhath Puja 2023: आस्था, विश्वास, स्वच्छता का प्रतीक है छठ महापर्व, रायपुर में महादेवघाट पर छाएगा हर्षोल्‍लास

रायपुर। Chhath Puja 2023: बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश में मनाए जाने वाले प्रमुख छठ महापर्व का उल्लास पिछले 20 वर्षों से राजधानी रायपुर में भी छाने लगा है। पहले छठ पर्व को सादगी से मनाया जाता था। कुछ ही परिवार के लोग इसमें शामिल होते थे, लेकिन बीते कुछ वर्षों से भव्य आयोजन होने लगा है। ऐतिहासिक महादेवघाट के किनारे अर्घ्य देने और पूजा करने के लिए 20 हजार से अधिक श्रद्धालु एकत्रित होते हैं।

चार दिवसीय पर्व के आखिरी दो दिन नदी तट पर हजारों लोग भक्तिभाव में डूब जाते हैं। आस्था, विश्वास की ऐसी लहर बहती है कि पूरी रात जागरण में पारंपरिक छठ लोक गीतों की सुर लहरियां गूंजती हैं। अस्त होते सूर्य और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान आतिशबाजी का नजारा देखने लायक होता है। महाभंडारे में ठेकुआ प्रसाद और भोजन ग्रहण करने के लिए 10 हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहते हैं। ऐसी ही रोचक जानकारी दे रहे हैं श्रवण शर्मा।
 

20 साल पहले महादेवघाट पर छठ पर्व मनाने की शुरुआत

छठ महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह बताते हैं कि पहले छठ पर्व मनाने के लिए ज्यादातर लोग अपने मूल गांव में लौट जाते थे। जो लोग किसी कारणवश अपने गांव नहीं जा पाते थे, वे अपने घर के आसपास के तालाबों में ही अर्घ्य देते थे। समय बीतने के साथ सैकड़ों परिवार स्थायी रूप से यहीं बस गए। उन परिवारों के सदस्यों ने 20 साल पहले महादेवघाट पर छोटे रूप में छठ पर्व मनाने की शुरुआत की।

धीरे-धीरे समाज के लोग संगठित होते गए। अब, 15 साल में सबसे बड़ा आयोजन महादेवघाट पर होने लगा है। राजधानी के आसपास के गांवों में रहने वाले भी महादेवघाट पहुंचकर पर्व मनाते हैं। बाहर से आने वालों के ठहरने, भोजन की विशेष व्यवस्था की जाती है। पूरी रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ शुक्रवार को नहाय-खाय परंपरा निभाने के साथ हुआ। राजधानी में निवासरत उत्तर भारतीय समाज के परिवारों में सुबह स्नान करके छठ पर्व को पवित्रता से मनाने का संकल्प लिया। शाम को लौकी की सब्जी और रोटी का सेवन करने की रस्म निभाई।

सूर्यदेव और बहन छठी मइया की पूजा

कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर छठ पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान सूर्यदेव और उनकी बहन छठी मइया की पूजा करने का विधान है। छठ व्रत के अनुष्ठान अत्यंत कठिन है। निर्जला व्रत रखकर कड़कड़ाती ठंड के दौरान नदी के किनारे कमर तक पानी में डूबकर पूजा-अर्चना करना, पानी की एक बूंद ना पीना, ब्रह्मचर्य का पालन करना, जमीन पर सोने जैसे नियमों का पालन करना पड़ता है।

छठ महापर्व का मुख्य आयोजन

19-20 को इस साल छठ महापर्व का मुख्य आयोजन 19 नवंबर की शाम महादेवघाट तट पर होगा। महिलाएं विधिवत पूजन करके डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। शाम से लेकर ब्रह्म मुहूर्त तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक गीतों की प्रस्तुति होगी। 20 नवंबर को सुबह ब्रह्म मुहूर्त में स्नान के पश्चात उगते सूर्य को जल, विविध तरह के फल, सब्जियों से अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाएगी। छठ पर्व के प्रमुख व्यंजन ठेकुआ का प्रसाद ग्रहण करने के पश्चात व्रती महिलाएं पारणा करेंगी। दिनभर परिचितों और रिश्तेदारों को प्रसाद वितरण करने का सिलसिला चलेगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

दूसरे दिन खरना रस्म, शुद्धता का रखा जाता है विशेष ध्यान

छठ महापर्व स्वच्छता का सबसे बड़ा प्रतीक है। प्राचीन काल से पर्व के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। पूजन करने और प्रसाद तैयार करने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। सूर्य भगवान और छठी माता को भोग अर्पित किया जाता है। पर्व के दूसरे दिन लोहंडा एवं खरना की रस्म 18 नवंबर को निभाई जाएगी। पूरे परिवार के सदस्य दिनभर व्रत रखकर रात्रि में खीर-रोटी खाने की परंपरा निभाएंगे। खीर रोटी का सेवन करके निर्जला व्रत रखने का संकल्प लेंगे।

अनेक तालाबों के किनारे आयोजन

महादेवघाट के अलावा बिरगांव के व्यास तालाब, हीरापुर के छुइयां तालाब, बूढ़ापारा के बूढ़ातालाब, समता कालोनी के आमा तालाब, मठपारा के मलसाय तालाब, महाराजबंध तालाब, गुढ़ियारी के मच्छी तालाब समेत अन्य तालाबों में भी छठ महापर्व का उल्लास छाएगा। यहां पर्व के पहले साफ-सफाई कराई गई, ताकि आने वाले लोगों को पर्व के दाैरान कोई परेशानी न हो। प्रशासन हर साल यहां सफाई कराता है।

इसके साथ ही समाजसेवी संगठन भी सफाई कराते हैं। हर साल यहां यूपी-बिहार के लोग छठ महापर्व मनाने आते हैं। पूरा वातावरण भक्तिभाव से प्रेरित रहता है। पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहती हैं। छठ महापर्व के समय गाए जाने वाले लोकगीत बरबस ही लोगों का मन मोह लेते हैं। कार्यक्रम को भव्य बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है। चारों तरह हर्ष है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button