CG New Cabinet: सीएम के बाद अब मंत्रिमंडल गठन की तैयारी तेज, पीएम मोदी की उपस्थिति में शपथ ग्रहण कल"/>

CG New Cabinet: सीएम के बाद अब मंत्रिमंडल गठन की तैयारी तेज, पीएम मोदी की उपस्थिति में शपथ ग्रहण कल

HIGHLIGHTS

  1. शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ दो उप मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं
  2. मंत्रिमंडल के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर मंथन चल रहा है
  3. शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है

रायपुर (राज्य ब्यूरो)। CG New Cabinet: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के चेहरे से पर्दा हटने के बाद अब मंत्रिडल के गठन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। प्रदेश में भाजपा ने आदिवासी चेहरे विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री के रूप में चयनित किया है। 13 दिसंबर को राजधानी के साइंस कालेज मैदान में दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण समारोह है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे।

शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ दो उप मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर मंथन चल रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन समेत दूसरे राज्यों के कुछ मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

आज पीएम मोदी को सौंपेंगे आमंत्रण

इधर, मुख्यमंत्री नियुक्त होने के दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री साय सुबह राजधानी रायपुर के वीआइपी रोड स्थित भगवान श्रीराम के मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीराम, माता जानकी, हनुमान और शिवजी की पूजा अर्चना कर छत्तीसगढ़ प्रदेश के चहुंमुखी विकास और प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रायपुर पंडरी स्थित प्रदेश कार्यालय जागृति मंडल पहुंचे। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जहां मंगलवार को वे प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का आमंत्रण देंगे।

सीएम ने इन्हें फोन कर आंमत्रण दिया

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को फोन कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इसके साथ ही राज्य शासन द्वारा सभी राजनीतिक पदाधिकारियों, विशिष्टजनों को आमंत्रित किया जा रहा है।

50 हजार कुर्सियां और सुरक्षा में एक हजार जवान

शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। रायपुर शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट आदि अन्य जगहों पर सघन जांच अभियान जारी है।

 

ऐतिहासिक होगा शपथ ग्रहण कार्यक्रम : साव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व लोरमी विधायक अरुण साव ने कहा, भाजपा को वोट प्रतिशत और सीटों के हिसाब से ऐतिहासिक जीत मिली है। कल का शपथ ग्रहण समारोह भी ऐतिहासिक होने वाला है। रायपुर के साइंस कालेज मैदान में 2 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समाज के अलग-अलग वर्ग के सभी लोगों को इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है। देश के पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अनेक राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों का आमंत्रित किया गया है।
 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button