भारत के लिए श्रीलंकाई टीम ने भरी उड़ान, यहां जानें पूरा शेड्यूल और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

नई दिल्ली. भारत के आगामी दौरे के लिए दासुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम शनिवार को रवाना हुई। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने खिलाड़ियों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। नए साल पर यह दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज के जरिए शुरुआत करेगी। श्रीलंका को भारत दौरे पर तीन मैच की टी20 सीरीज के अलावा इतने ही मैच की वनडे सीरीज भी खेलनी है। श्रीलंका के भारत दौरे की शुरुआत 3 जनवरी को खेले जाने वाले पहले मुकाबले से होगी। भारत और श्रीलंका दोनों ने ही लिमिटेड ओवर सीरीज के लिए अपनी-अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। भारत दौरे पर श्रीलंकाई टीम अपना आखिरी मैच 15 जनवरी को खेलेगी।

कप्तान दासुन शनाका के नेतृत्व में श्रीलंकाई टीम कोलंबो में श्रीलंका मुख्यालय परिसर से रवाना हुई। श्रीलंका क्रिकेट ने टीम की रवानगी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। प्रस्थान की अगुवाई में एक टीम फोटो ली गई, जबकि वानिन्दु हसरंगा ने स्थानीय प्रेस से बात की।

2022 में एशिया कप जीतने वाली श्रीलंका टी20 में भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी। 3 मैचों की सीरीज मुंबई, पुणे और राजकोट में खेली जाएगी जबकि वनडे गुवाहाटी, कोलकाता और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे।

श्रीलंका ने 2022 में आखिरी बार भारत का दौरा किया था, यह दौरा टीम के लिए काफी निराशाजनक रहा था। पिछली बार जब भारत घर में श्रीलंकाई टीम से भिड़ी थी तो उन्होंने टी20 और टेस्ट सीरीज में मेहमानों का सूपड़ा साफ किया था।

श्रीलंका ने भारत दौरे के लिए कुल 20 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान किया है जो टी20 और वनडे सीरीज खेलेंगे। इसमें दुशमंता चमीरा जैसे बड़े खिलाड़ियों का नाम गायब है। टी20 में टीम का उप-कप्तान वानिंदु हसरंगा को चुना गया है, वहीं कुसल मेंडिस वनडे में यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

दूसरी ओर, भारतीय टी20 टीम में कप्तान रोहित शर्मा, पूर्व कप्तान विराट कोहली, केएल राहुल और भुवनेश्वर कुमार जैसे बड़े नाम गायब है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 टीम की अगुवाई हार्दिक पांड्या करते हुए दिखाई देंगे, वहीं उप-कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे। वहीं रोहित चोट के बाद वनडे सीरीज में वापसी करेंगे। वनडे टीम के उप-कप्तान की जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है।

भारत बनाम श्रीलंका 2023 फुल शेड्यूल-

पहला टी20 – 3 जनवरी 2023 (मंगलवार) – मुंबई – शाम 7 बजे से
दूसरा टी20 – 5 जनवरी 2023 (गुरुवार) – पुणे – शाम 7 बजे से
तीसरा टी20 – 7 जनवीर 2023 (शनिवार) – राजकोट – शाम 7 बजे से

पहला वनडे – 10 जनवरी 2023 (मंगलवार) – गुवाहाटी – दोपहर 2 बजे से
दूसरा वनडे – 12 जनवरी 2023 (गुरुवार) – कोलकाता – दोपहर 2 बजे से
तीसरा वनडे – 15 जनवरी 2023 (रविवार) – तिरुवनंतपुरम – दोपहर 2 बजे से

श्रीलंका के खिलाफ भारत की टी20 टीम- हार्दिक पांड्या (C), ईशान किशन (wk), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (VC), दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी, मुकेश कुमार।

श्रीलंका के खिलाफ भारत की वनडे टीम टीम- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मो. शमी, मो. सिराज, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह।

भारत के खिलाफ श्रीलंका की टी20 और वनडे टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पाथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, कुसाल मेंडिस भानुका राजपक्षे, चारिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, वानिंदु हसरंगा, एशेन बंडारा, महेश तीक्शाना, जेफरी वांडरसे, चमिका करुणारत्ने, दिलशान मदुशंका, कसुन राजिथा, नुवानिडू फर्नांडो, डुनिथ वेलालेज, प्रमोद मदुशन, लाहिरू कुमारा, नुवान तुषारा 

लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल

श्रीलंका के खिलाफ भारत घरेलू सरजमीं पर लिमिटेड ओवर सीरीज का लुत्फ भारतीय क्रिकेट फैन टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न नेटवर्क्स पर उठा सकते हैं, वहीं टी20 मुकाबलों का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी होगा। भारत बनाम श्रीलंका 2023 सीरीज को मोबाइल या लैपटॉप पर देखने के लिए आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर लॉगिन कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button