सेना का अपमान करने का आरोप: ऋचा चड्ढा के एक ट्वीट से मचा बवाल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा के एक ट्वीट से बवाल मच गया है। कई कलाकारों ने ऋचा चड्ढा का समर्थन किया है तो कई उनसे नाराज है। ट्वीटर पर कई कलाकारों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दरअसल अभिनेत्री ऋचा चड्ढा भारतीय सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के एक ट्वीट को रीट्वीट करने और गलवान घाटी का नाम बीच में लाने के बाद से ही विवादों में घिर गई हैं। अभिनेत्री पर सेना का अपमान करने का आरोप लगा है।

फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी ऋचा चड्ढा के विरोध में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘मैं इस व्यवहार से बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं। वे वास्तव में भारत विरोधी महसूस करते हैं। दिल की बात जुबान पर आ ही जाती है। और फिर वे पूछते हैं कि लोग बॉलीवुड को बायकॉट क्यों करना चाहते हैं।’

अक्षय कुमार ने लिखा, ‘यह देखकर आहत हूं। किसी को कभी हमारे सशस्त्र बलों के प्रति एहसान फरामोश नहीं होना चाहिए। वो हैं तो आज हम हैं।’

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने भी ऋचा चड्ढा के विवाद पर अपनी टिप्पणी दी है। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय सशस्त्र बल, आप हैं तो हम हैं।’

अनुपम खेर को भी ऋचा चड्ढा का ऐसा करना पसंद नहीं आया और उन्होंने अभिनेत्री की क्लास लगा दी। उन्होंने लिखा, ‘देश की बुराई करके लोगों के बीच लोकप्रिय होने की कोशिश कायर और छोटे लोगों का काम है। सेना के सम्मान को दांव पर लगाना…इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है।’

जहां एक ओर कई सितारे ऋचा का विरोध कर रहे हैं, तो प्रकाश राज उनके पक्ष में आ गए हैं। प्रकाश राज ने अक्षय कुमार को आड़े हाथ लेते हुए ट्वीट किया, ‘आपसे ये उम्मीद नहीं थी अक्षय कुमार…सर ऋचा चड्ढा हमारे देश के लिए आपसे ज्यादा प्रासंगिक हैं।’ इससे पहले भी प्रकाश राज ने ऋचा के सपोर्ट में ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हम आपके साथ हैं ऋचा चड्ढा। हम जानते हैं कि आपके कहने का क्या मतलब था।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button