ब्लड प्रेशर कंट्रोल ही नहीं एनीमिया से भी बचाव करता है फालसे का जूस, जानें फायदे

नई दिल्ली. गर्मियां शुरू होते ही बाजार में काले-काले फालसे हर जगह दिखाई देने लगते हैं। आपने भी बचपन में इसका स्वाद जरूर चखा होगा। फालसे में मैग्नीशियम, पोटेशियम, सोडियम, फास्फोरस, कैल्शियम, प्रोटीन, विटामिन ए और विटामिन सी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। गर्मियों में फालसा खाने से पेट में ठंडक बने रहने के साथ जलन शांत होती है। इसका जूस पीने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी नहीं होती और व्यक्ति को तुरंत एनर्जी मिलती है।

यूं तो फालसे खाने के अनेक फायदे हैं लेकिन ब्लडप्रेशर कंट्रोल करने से लेकर शरीर में खून की कमी रोकने तक के लिए फालसे का खास उपयोग किया जाता है। आइए जानते हैं फालसे का जूस पीने से शरीर को मिलते हैं कौन से फायदे और क्या है फालसे का जूस बनाने का सही तरीका।

 फायदे-
एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर-

फालसा में एंटीऑक्सीडेंट तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं जो शरीर को इंफेक्‍शन से बचाते हैं। इसमें मौजूद मैग्नीशियम, पोटैशियम, सोडियम, फास्फोरस, कैल्शियम, प्रोटीन,  विटामिन ए और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व हमारे शरीर में पोषक तत्‍वों की कमी को पूरा करते हैं।

कैल्शियम-
कैल्शियम के गुणों से भरपूर फालसे का जूस पीने से आपकी हड्डियों को मजबूत बनने में मदद मिलती है। इससे बोन डेंसिटी भी बढ़ती है। फालसा के जूस का नियमित सेवन जोड़ों के दर्द और सूजन से भी छुटकारा दिलाने के साथ गठिया से भी बचाव करता है।

एनीमिया से बचाव-
अगर आपको खून की कमी के कारण एनीमिया रोग हो गया है तो इसे खाने से शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ता है और एनीमिया से बचाव होता है। यह लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण करके शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बनाए रखता है।

विटामिन सी-
विटामिन सी से भरपूर फालसे का खट्टा-मीठा रस खांसी-जुकाम को रोकने और गले में होने वाली समस्याओं से निजात पाने के लिए काफी प्रभावशाली है। इसके जूस को पीने से आपके शरीर में विटामिन सी की कमी नहीं होती और व्यक्ति जल्दी-जल्दी बीमार नहीं पड़ता।

फाइबर से भरपूर-
फालसे का जूस पीने से पेट से जुड़े रोगों से बचाव होता है। इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है जो आपकी पाचन क्रिया को दुरुस्त बनाता है। इसे पीने से पेटदर्द, सूजन, कब्ज और दस्त आदि से राहत मिलती है।

पेट की गर्मी को करें दूर-
फालसे के जूस का सेवन करने से पेट की गर्मी शांत होने में मदद मिलती है। साथ ही यह आपकी भूख को खोलने में भी मदद करता है।

ब्लड प्रेशर कंट्रोल-
विटामिन सी और खनिज तत्वों से भरपूर फालसा के सेवन से ब्‍लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल का लेवल कंट्रोल में रहता है। फालसे के जूस का सेवन ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने के लिए जाना जाता है जबकि लिवर और गॉलब्लेडर की समस्याओं को भी शांत में फालसा मदद करता है।

फालसे का जूस बनाने के लिए सामग्री-
-250 ग्राम फालसा
-2 बड़े चम्मच ब्राउन शुगर (वैकल्पिक)
-आधा छोटा चम्मच काला नमक
-एक कप आइस क्यूब्स

विधि-
फालसे का जूस बनाने के लिए सबसे पहले फालसे अच्छी तरह धोकर छलनी में डालकर उनका सारा पानी सुखा लें। अब फालसे को मिक्सी में आधा कप पानी डालकर उनका अच्छा पेस्ट बना लें। 2 से 3 बार मिक्सी चलाने के बाद इसमें काला नमक और चीनी डालकर मिक्स करके फिर से ग्राइंड करें। अब इस पेस्ट को छलनी की मदद से एक जग में छान लें।

छलनी में बचे हुए मिश्रण को एक बार फिर मिक्सी में पानी डालकर चला लें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएं जब तक फालसे का सारा गूदा छन न जाए। अब कुछ बर्फ के टुकड़े गिलास में डालकर इसमें फालसे का जूस डालें। फालसे के जूस को पुदीना की पत्ती से गार्निश करके सर्व करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button