छत्‍तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजाति की 64 दीदियां आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से करेंगी मुलाकात, पहली बार हवाईजहाज से दिल्‍ली हुई रवाना"/>

छत्‍तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजाति की 64 दीदियां आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से करेंगी मुलाकात, पहली बार हवाईजहाज से दिल्‍ली हुई रवाना

HIGHLIGHTS

  1. – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विशेष पिछड़ी जनजाति स्व सहायता समूह की महिलाओं का किया स्वागत
  2. – छत्‍तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजाति 64 महिलाएं पहली बार रायपुर से हवाई जहाज से दिल्ली रवाना

राज्य ब्यूरो, रायपुर। Chhattisgarh News: छत्‍तीसगढ़ की विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, बिरहोर, पहाड़ी कोरबा, कमार के स्व सहायता समूह की 64 महिलाएं हवाई जहाज से दिल्ली रवाना हो गईं हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इन्हें रवाना किया। राष्ट्रपति भवन पहुंचकर महिलाएं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति को महिलाएं अपने समूह की ओर से बनाए गए उपहार भेंट करेंगी। राष्ट्रपति भवन में स्थित अमृत उद्यान का भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति से मिलने जाने वालीं कबीरधाम, बलरामपुर, रायगढ़, धमतरी, कोरबा, गरियाबंद और जशपुर के स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह का संचालन कर अपनी आमदनी को बढ़ावा देकर स्वावलंबी बनने वाली इन महिलाओं को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर हवाईजहाज से दिल्ली ले जाया जा रहा है। महिलाओं को दिल्ली रवाना करने से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निवास कार्यालय में स्वागत किया। उन्होंने उपहार स्वरूप महिलाओं को बैग, जैकेट और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का डिब्बा भेंट किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति की 64 दीदियां राष्ट्रपति से मिलने जा रही हैं। ये राष्ट्रपति से मिलकर अपने समूहों के उत्पाद देंगी। ये दीदियां अमृत उद्यान, स्व सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बिक्री के लिए बनाए गए बाजार और दिल्ली का भ्रमण करेंगी।

64 में सात लखपति दीदी

दिल्ली जा रही 64 दीदियों में सात लखपति दीदियां हैं, जिनकी आय एक लाख से ज्यादा की है। इसमें जशपुर से बैसाखी बाई, सावित्री बाई, शांति बाई, सुंदररमती बाई गरियाबंद से विमला बाई और कबीरधाम से देवकी बाई और लामी बैगा हैं। दीदियों ने बातचीत में बताया कि वे राष्ट्रपति से मुलाकात करने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हवाईजहाज को उड़ते हुए ही देखा था। कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि खुद हवाई जहाज में बैठकर जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button