CM Face In CG: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद को लेकर रेणुका सिंह का बड़ा बयान, कहा- महिला सीएम पर विचार कर रहा हाईकमान"/>

CM Face In CG: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद को लेकर रेणुका सिंह का बड़ा बयान, कहा- महिला सीएम पर विचार कर रहा हाईकमान

छत्तीसगढ़ में सीएम पद को लेकर बनी संशय की स्थिति के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री और भरतपुर-सोनहत सीट से विधायक चुनी गईं रेणुका सिंह का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि हाईकमान छत्तीसगढ़ में सीएम के लिए किसी महिला पर विचार कर रहा है।

रायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में सीएम पद को लेकर बनी संशय की स्थिति के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री और भरतपुर-सोनहत सीट से विधायक चुनी गईं रेणुका सिंह का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि हाईकमान छत्तीसगढ़ में सीएम के लिए किसी महिला पर विचार कर रहा है। मंगलवार को रामानुजनगर स्थित उनके आवास के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का कलेक्टर और एसपी द्वारा एकाएक जायजा लेना भी इस बात का संकेत दे रहा है कि सीएम की रेस में वे सशक्त दावेदार हैं।
 
 
रेणुका सिंह बुधवार को रायपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते प्रधानमंत्री की कैबिनेट में काम कर रही हूं। विधायक के रूप में जनता से आशीर्वाद मिला है। मेरी पहली प्राथमिकता है कि मेरे क्षेत्र का विकास हो। भाजपा सरकार की प्राथमिकता गिनाते हुए उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को केंद्र बिंदु मानकर काम करेंगे। हमारी सरकार में महिलाओं के लिए बहुत अच्छे काम किए जाएंगे। बता दें कि रेणुका सिंह बुधवार को ग्राम बिर्रा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा स्थल पहुंचकर अपने गुरु पंडित नरेंद्र नयन शास्त्री से आशीर्वाद भी लिया है।

मुख्यमंत्री का चेहरा जल्द होगा फाइनल : रमन

पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा जल्द ही फाइनल हो जाएगा। फिलहाल पार्लियामेंट का सत्र चल रहा है। सारे वरिष्ठ लोगों की व्यस्तता भी है। दो-तीन दिन के अंदर पर्यवेक्षक आ जाएंगे और निर्णय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। पार्टी का जो निर्देश होगा, उसका पालन करेंगे।

 

पार्टी के आदेश का पालन करूंगा : विष्णुदेव

पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री के चेहरे पर पूछे जाने पर कहा कि मुख्यमंत्री का निर्णय भाजपा के विधायक दल की बैठक में होगा। यह बैठक जल्द ही होगी। पार्टी उन्हें जो भी आदेश करेगी, उसके अनुसार काम करेंगे।

 

भाजपा संसदीय लोकतंत्र की पाठशाला : साव

 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि संसद में उन्होंने लोकतंत्र की गहराइयों को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में जो सीखा है, वह छत्तीसगढ़ की जनता की सेवा और राज्य के सुशासनपूर्ण विकास के लिए अत्यंत सहयोगी साबित होगा। भाजपा संसदीय लोकतंत्र की पाठशाला है। हमें सिखाया गया कि राष्ट्र प्रथम के अटल सिद्धांत पर चलते हुए देश के विकास और जनता की बेहतरी के लिए उत्कृष्ट कार्य कैसे किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button