Chhattisgarh Elections 2023: कांग्रेस ने पांच, भाजपा और बसपा ने एक-एक जिलाध्यक्ष को बनाया उम्मीदवार, यह रही बड़ी वजह"/>

Chhattisgarh Elections 2023: कांग्रेस ने पांच, भाजपा और बसपा ने एक-एक जिलाध्यक्ष को बनाया उम्मीदवार, यह रही बड़ी वजह

HIGHLIGHTS

  1. बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी बेलतरा विधानसभा से प्रत्याशी
  2. भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर वैशाली नगर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे
  3. भाजपा जिलाध्यक्ष सक्ती कृष्णकांत चंद्रा जैजैपुर विधानसभा से प्रत्याशी हैं। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम सूर्यवंशी जांजगीर विधानसभा से प्रत्याशी बनाए गए

राधाकिशन शर्मा, बिलासपुर। कांग्रेस व भाजपा ने नए चेहरे मैदान में उतारने की होड़ के चलते संगठन के दिग्गजो को भी चुनाव मैदान में उतार दिया है। भाजपा ने एक व कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कमेटी के पांच अध्यक्षों को प्रत्याशी बनाया है।

बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी पार्षद भी हैं। जिलाध्यक्षों को चुनावी मैदान में उतारने के चलते चुनाव संचालन व प्रबंधन को लेकर व्यवहारिक दिक्कतें भी आने लगी है। चर्चा यह भी है कि दोनों दलों द्वारा जल्द ही इन जिलों में कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है।
 
भाजपा ने बुधवार को चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही सभी 90 सीटों की तस्वीर अब साफ हो गई है। नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने की प्रतिस्पर्धा इस बार दोनों ही दलों में दिखाई दी है। टिकट वितरण के पहले सत्ताधारी दल में इस बात की चर्चा जोरों पर थी कि वर्ष 2018 की तर्ज पर जिन जिलाध्यक्षों को चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी करनी है, उनको पहले अपने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा। इस बार इस नियम को कड़ाई से लागू नहीं किया गया।
 
यही कारण है कि कांग्रेस ने अपने जिन पांच जिलाध्यक्षों पर भरोसा जताया है, वे अब भी जिलाध्यक्ष के पद पर बैठे हुए हैं। अपने विधानसभा सीट पर ध्यान केंद्रित करने और प्रचार में व्यस्त रहने के कारण जिले की अन्य सीटों के बीच न तो सामंजस्य बैठा पा रहे हैं और न ही बैठक कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी ही सौंप पा रहे हैं।
 
चुनावी प्रचार को गति देने के लिए पीसीसी ने कार्यकारी जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर अब तैयारी भी शुरू कर दी है। कार्यकारी अध्यक्षों के जरिए जिले की विधानसभा सीटों पर चुनावी कैंपेनिंग को आगे बढ़ाएंगे और माहौल बनाएंगे। चुनावी माहौल में कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाने को लेकर दिग्गजों के बीच एक बार फिर प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। अपने संपर्क सूत्रों के माध्यम से संभावना भी तलाशने लगे हैं।

कांग्रेस से ये जिलाध्यक्ष बने प्रत्याशी

बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी बेलतरा विधानसभा से प्रत्याशी हैं। भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर वैशाली नगर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष निर्मल कोसरे अहिरवारा विधानसभा से प्रत्याशी बनाए गए हैं। महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर महासमुंद विधानसभा से प्रत्याशी हैं। जांजगीर-चांपा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह अकलतरा विधानसभा से प्रत्याशी बनाए गए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष जो बने उम्मीदवार

भाजपा जिलाध्यक्ष सक्ती कृष्णकांत चंद्रा जैजैपुर विधानसभा से प्रत्याशी हैं। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम सूर्यवंशी जांजगीर विधानसभा से प्रत्याशी बनाए गए हैं।

मुंगेली जिलाध्यक्ष के बगावती तेवर

मुंगेली जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सागर सिंह बैस ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। चर्चा तो इस बात की भी हो रही है कि लोरमी विधानसभा से जकांछ की टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button