भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में कल प्रदेश में 400 स्थानों पर किया जाएगा चक्का जाम

रायपुर. प्रदेश में भाजपा नेताओं की नक्सलियों द्वारा की गई हत्याओं के विरोध में प्रदेश भाजपा ने बड़ा आंदोलन करने का फैसला किया है। जहां एक तरफ आज बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में रैली निकालकर आईजी कार्यालय के सामने धरना और प्रदर्शन किया जाएगा, वहीं कल बस्तर की 12 विधानसभाओं को छोड़कर प्रदेश की 78 विधानसभाओं में मंडल स्तर पर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक 400 स्थानों पर चक्का जाम किया जाएगा। इसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ ही प्रदेश के सभी छोटे-बड़े सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने बताया, भाजपा कार्यकर्ताओं की लगातार हत्या हो रही है। सरकार कोई संज्ञान नहीं ले रही है। भाजपा के बलिदानी कार्यकर्ताओं की शहादत पर ओछी राजनीति की जा रही है। सरकार में बैठे लोग भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की बढ़ती वारदातों पर पर्दा इसलिए डाल रहे हैं क्योंकि पटकथा इन्हीं की लिखी हुई है। राजनीतिक षड्यंत्र के दौर में लगातार रक्तपात के मामलों में बलिदान देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए अब प्रदेश संगठन ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है।
पांडेय ने लोकसभा में उठाया मामला
सांसद संतोष पांडेय ने लोकसभा में मामला उठाते हुए कहा, मैं छत्तीसगढ़ की चिंता और वहां की समस्या को रखने के लिए उपस्थित हुआ हूं। छत्तीसगढ़ में जो बस्तर है, वह पर्वत और वनों से आच्छादित है। वह वीर गुंडाधुर की धरती है। जहां उन्होंने भूमकाल आंदोलन से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की शुरुआत की। जहां धर्मात्मा राजा प्रवीर चंद्र भंजदेव ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। वहां आज बस्तर में, पूरे छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र समाप्त हो रहा है और लहू तंत्र की शुरुआत हो रही है। जिस तरह से वहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास के समय तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई और उनके जाने के बाद कुछ घंटे के भीतर एक और कार्यकर्ता की हत्या हुई इसमें कहीं न कहीं राजनीतिक षड्यंत्र की बू आती है। टारगेट बनाकर हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और नारायणपुर में रूप साय सलाम को साथियों सहित गिरफ्तार किया गया है, उन्हें रिहा किया जाए। धर्मांतरण बंद किया जाए, स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button