‘इंग्लैंड की कप्तानी बटलर कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया की कमिंस

नई दिल्ली. नवंबर 2021 के बाद से टीम इंडिया के नियमित कप्तान के रूप में कार्यभार संभालने वाले रोहित शर्मा ने अब तक सिर्फ 6 ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में टीम की कप्तानी की है। उनसे ज्यादा शिखर धवन वनडे टीम के कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने अब तक 7 और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो और मैचों को मिला लें तो वे 9 मैचों में कप्तानी कर चुके होंगे। यही कारण है कि पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी पर सवाल खड़ा किया है। 

  आकाश चोपड़ा ने रोहित पर सवाल इसलिए भी उठाया है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप के ठीक बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस, इंग्लैंड के लिए जोस बटलर और न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन कप्तानी कर रहे हैं। वहीं, रोहित शर्मा को आराम दिया गया है। चोपड़ा ने कहा कि दुनिया भर की सभी टीमें भारत की तरह अपने कप्तान नहीं बदलती हैं। उन्होंने श्रीलंका के दासुन शनाका, इंग्लैंड के जोस बटलर और ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस का उदाहरण दिया।

चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “अगर आप श्रीलंका को देखें, तो वे अफगानिस्तान के खिलाफ खेल रहे हैं और दासुन शनाका कप्तानी कर रहे हैं। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला और जोस बटलर अभी भी उनके कप्तान हैं। ऑस्ट्रेलिया ने थोड़ा बदलाव किया, लेकिन पैट कमिंस ने उन तीन मैचों में से दो में (इंग्लैंड के खिलाफ) टीम का नेतृत्व किया। अगर दुनिया भर की सभी टीमें अपने मूल कप्तानों के साथ खेल रही हैं तो हम अपने कप्तानों में इतना बदलाव क्यों करते हैं? यह एक वैलिड क्वेश्चन है।” 

उन्होंने आगे कहा, “टीम बनाने की जिम्मेदारी कप्तान की होती है। सेम कैप्टन, सेम कोच बहुत मदद करता है, क्योंकि जितना अधिक समय आप टीम के साथ बिताते हैं, उतना ही आप हर एक खिलाड़ी को बेहतर तरीके से जान पाते हैं। अगर लगातार वेस्टइंडीज हो, जिम्बाब्वे हो, अब न्यूजीलैंड में आपका कप्तान उपलब्ध नहीं है तो समस्या है। शिखर धवन ने पिछली तीन एकदिवसीय सीरीजों में भारत का नेतृत्व किया। अचानक जब आप बांग्लादेश जाएंगे तो वह कप्तान नहीं होंगे। सलामी बल्लेबाज बदलेंगे और कप्तान बदलेगा। इसलिए जब इतने बदलाव हैं तो आपकी तैयारी अच्छी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “अब प्रयोग करने का समय चला गया है। रोहित शर्मा, मेरा मानना है कि वह 2023 वनडे विश्व कप के लिए हमारे कप्तान हैं, उन्हें कम से कम ब्रेक लेना चाहिए और खेलते रहना चाहिए। अगर आपको ब्रेक की जरूरत है, तो इसे आईपीएल के दौरान लें। अगर टीम इंडिया विश्व कप जीतने को लेकर गंभीर है तो उन्हें जितना हो सके अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश उतारनी शुरू कर देनी चाहिए।” 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button