नई सरकार, शिंदे ‘सेना’ के साथ चुनावी रण में उतरेगी BJP

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) इलेक्शन के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बीजेपी मुंबई में अपना मेयर बनाने को तैयार है। उन्होंने साफ कर दिया कि शिवसेना (शिंदे समूह) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। फडणवीस ने कहा कि बीएमसी के आगामी चुनाव में भाजपा और शिंदे नीत शिवसेना गठबंधन की विजय होगी।

मालूम हो कि शिवसेना बीएमसी पर 30 साल से भी ज्यादा समय से काबिज है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कुछ दिनों पहले ही यह आरोप लगाया था कि भाजपा ने शिवसेना से मुंबई छीनने के लिए एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया है। ध्यान रहे कि बीएमसी चुनाव 2017 में कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। शिवसेना को 84 और भाजपा को 82 सीटें मिलीं, जबकि 31 सीटें लेकर कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही, 9 सीटों के साथ एनसीपी चौथे और 7 सीटों के साथ राज ठाकरे की मनसे पांचवे स्‍थान पर थी।

उपमुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कहा, ‘पिछली बार (2017) जब बीएमसी का चुनाव हुआ था तो शेलार मुंबई भाजपा अध्यक्ष थे और पार्टी ने (निकाय की 227 सीटों में से) 82 सीटें जीती थीं। हम अपना महापौर नियुक्त कर सकते थे लेकिन हमने दो कदम पीछे हटकर अपने सहयोगी (शिवसेना) को उनका महापौर नियुक्त करने का अवसर दिया। इस बार महापौर भाजपा-शिवसेना गठबंधन का होगा।’

‘असली शिवसेना वह है जिसका नेतृत्व शिंदे कर रहे’
फडणवीस ने कहा कि बाल ठाकरे की विचारधारा को मानने वाली असली शिवसेना वह है जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री शिंदे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत पूर्ववर्ती सरकार (2014 से 2019) ने मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के जरिये महानगर और आसपास के इलाकों में तीन लाख करोड़ रुपये निवेश करना शुरू किया था और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण संभव हुआ था।

फडणवीस ने कहा कि शिंदे के नेतृत्व वाली नई सरकार अगले तीन महीने में सभी बाधाओं को पार कर धारावी के लोगों को घर देगी। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन की जिम्मेदारी है कि मुंबई के लिए बाल ठाकरे के सपने को पूरा करे। उन्होंने कहा कि बाल ठाकरे का नाम लेकर जो सत्ता में आए वे आत्म केंद्रित हो गए और साधारण मुंबईवासी के सपने को चकनाचूर कर दिया।

‘कुछ लोग भावनात्मक मुद्दे उठाएंगे तो सतर्क हो जाएं’
बीजेपी नेता ने कहा कि निकाय चुनाव से पहले कुछ लोग भावनात्मक मुद्दे उठाएंगे और दावा करेंगे कि मुंबई को महाराष्ट्र से अलग किया जा रहा है। उन्होंने उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए कहा, ‘मैं उनसे आग्रह करता हूं कि कम से कम इस मुद्दे में बदलाव करें। कब तक आप उसी मुद्दे को लेकर चलेंगे।’

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘एक और मुद्दा उठाया जाता है कि मुंबई दिल्ली के सामने नहीं झुकेगी। मुंबई वित्तीय राजधानी है और दिल्ली राजनीतिक राजधानी है। जब भी महाराष्ट्र का कोई मुख्यमंत्री दिल्ली जाता है तो वे कहते हैं कि वह दिल्ली वालों के सामने झुक गया। दिल्ली देश की राजधानी है और मुख्यमंत्री को वहां जाना पड़ता है नहीं तो राज्य की परियोजनाएं कैसे पूरी होंगी।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button