भाजपा वॉशिंग मशीन है, भ्रष्टाचारियों को धोकर क्लीन किया; एकनाथ शिंदे कैबिनेट पर शिवसेना का तंज

महाराष्ट्र कैबिनेट विस्तार में शिवसेना के बागी विधायकों में शामिल संजय राठौड़ और अब्दुल सत्तार को भी जगह मिली है। इसे लेकर मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी वॉशिंग मशीन है, जहां एक बार नेता जाते हैं और क्लीन होकर बाहर आते हैं।

राठौड़ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पूर्व महा विकास अघाड़ी (MVA) सरकार का हिस्सा थे। पिछले साल एक महिला की मौत मामले को लेकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। वहीं, हाल ही में सामने आए TET घोटाले में सत्तार की बेटियों के नाम जुड़े हैं। टीईटी 2019-20 में हुई हेराफेरी को लेकर 7,880 उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

शिंदे बोले- राठोर को पुलिस ने दी क्लीन चिट
वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कहना है कि राठौड़ को पुलिस ने उसी समय क्लीन चिट दे दी थी जब एमवीए पावर में थी। इसे देखते हुए ही उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मालूम हो कि इसी साल जून में शिंदे और 39 अन्य शिवसेना विधायकों ने पार्टी लीडरशिप के खिलाफ बगावत कर दी थी, जिसके चलते उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली अघाड़ी सरकार गिर गई थी।

शिंदे मंत्रिमंडल में 18 मंत्रियों ने ली शपथ
बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने आज यानि मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत 18 विधायकों ने दक्षिण मुंबई में राज भवन में कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button