कांग्रेस के प्रदर्शन पर बरसी भाजपा, याद दिलाईं नरेंद्र मोदी की पेशियां

नई दिल्ली. कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय पूछताछ करने जा रहा है। इसे लेकर पार्टी की तरफ से की गई विरोध की तैयारियों पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। भाजपा ने कांग्रेस को गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले हुई पूछताछ की बात याद दिलाई। खबरें हैं कि कांग्रेस ने सोनिया से पूछताछ के विरोध में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है।

गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा, ‘जब पीएम मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने कई मामलों में पूछताछ का सामना किया है। लेकिन क्या हमने विरोध किया? एक ओर भाजपा है, जो एजेंसियों का साम्मान करती है। दूसरी ओर कांग्रेस है, जो जांच एजेंसियों का मनोबल तोड़ती है।

प्रसाद ने कहा, ‘जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो उनके खिलाफ कई मुकदमे शुरू हुए थे। मोदी जी मुख्यमंत्री के तौर पर जांच एजेंसियों के सामने पेश हुए और 12 घंटों तक उनके सवालों का जवाब दिया। तब क्या दिल्ली में कोई विरोध हुआ था।’

कांग्रेस के पुलिस व्यवस्था पर सवाल
कांग्रेस आरोप लगा रही है कि पार्टी के दिल्ली मुख्यालय पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं और मीडिया को आने से रोका जा रहा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘मीडिया को कांग्रेस कार्यालय में आने से रोका जा रहा है। किसी भी अन्याय के खिलाफ अहिंसात्मक गांधीवादी ‘सत्याग्रह’ हर भारतीय का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन सत्ता के अंहकार में मोदी सरकार यह हक़ भी हमसे छिनने की कोशिश कर रही है। यह कांग्रेस पर नहीं भारत के महान लोकतंत्र पर हमला है।’

सोनिया गांधी की पूछताछ से पहले पुलिस ने इंतजाम कर रखा है और बुधवार रात से ही अकबर रोड पर बैरिकेड लगाए गए हैं। कांग्रेस नेता मणिकाम टैगोर ने एक वीडियो शेयर किया और लिखा, ‘अकबर रोड पर कांग्रेस मुख्यालय पर शाह पुलिस की तरफ से बारीकी से नजर रखी जा रही है… वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनकी प्रतिबद्धताओं की ताकत जानते हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button