इटली घूमने गईं अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी से लूटपाट, पासपोर्ट-क्रेडिट कार्ड चोरी, इंटरनेट मीडिया पर मांगी मदद"/>

इटली घूमने गईं अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी से लूटपाट, पासपोर्ट-क्रेडिट कार्ड चोरी, इंटरनेट मीडिया पर मांगी मदद

टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी शादी की सालगिरह मनाने पति विवेक दहिया के संग दो सप्ताह पहले यूरोप टूर पर रवाना हुई थीं। फ्लोरेंस, इटली के एक रिसोर्ट में कार से हुई करीब 10 लाख की चोरी। स्थानीय पुलिस से नहीं मिली कोई मदद। इसके बाद उन्होंने भारतीय दूतावास से संपर्क किया।

HIGHLIGHTS

  1. 24 जून को पति संग यूरोप टूर पर रवाना हुईं थी दिव्यांका त्रिपाठी।
  2. शादी की सालगिरह सेलिब्रेट करने फॉरेन ट्रिप किया था प्लान।
  3. 08 जुलाई 2026 को शादी के बंधन में बंधे थे दिव्यांका-विवेक।
भोपाल। शादी की सालगिरह मनाने यूरोप टूर पर गईं भोपाल की प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया इटली में फंस गए हैं। इटली के शहर फ्लोरेंस में दो दिन पहले दिव्यांका और विवेक की कार से उनके पासपोर्ट, बैंक क्रेडिट कार्ड और नगद रकम समेत कई जरूरी दस्तावेज तथा सामान चोरी हो गया था। पासपोर्ट चोरी होने से दोनों को वापस भारत आने में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
 
 
हालांकि दिव्यांका और विवेक इटली में भारतीय राजदूत के संपर्क में हैं और वहीं से उन्हें दूसरा पासपोर्ट मिलेगा। दिव्यांका और विवेक 24 जून को भारत से यूरोप टूर पर निकले थे, उन्होंने पिछले करीब 17 दिनों में इटली सहित आसपास के कई शहरों में सैर की।

इटली के समयानुसार वे बुधवार रात फ्लोरेंस शहर के एक रिसोर्ट में गए थे। वहीं उनकी कार भी रिसोर्ट प्रबंधन की निगरानी में पार्क थी। देर रात कपल ने देखा तो कार से सामान चोरी हो चुका था। उन्होंने पहले लोकल पुलिस और फिर सुनवाई न होने पर भारतीय राजदूत से इंटरनेट मीडिया पर मदद की गुहार लगाई।

आठ जुलाई को थी शादी की आठवीं सालगिरह

दिव्यांका और विवेक लंबी रिलेशनशिप के बाद 8 जुलाई 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे। इस वर्ष आठ जुलाई को उनकी शादी की आठवीं सालगिरह थी। कपल ने अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए यूरोप ट्रिप प्लान किया था।
दिव्यांका की मां नीलम त्रिपाठी के अनुसार दोनों 24 जून को भारत से यूरोप के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने यूरोप के अलग-अलग शहर घूमने के लिए एक कार बुक की थी। वे बुधवार को फ्लोरेंस शहर पहुंचे और यहां एक रिसोर्ट में उन्हें नाइट स्टे करना था। डिनर करने के बाद दोनों कार की ओर गए तो वहां से उनका पूरा सामान गायब मिला। रिसोर्ट में लोगों की निजता के चलते सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं।

थाना बंद मिला, इटली की पीएम मेलोनी को किया टैग

घबराकर जब दिव्यांका और विवेक नजदीकी पुलिस थाने गए तो वहां थाना भी बंद मिला। फ्लोरेंस के पुलिस थाने शाम छह बजे के बाद बंद हो जाते हैं। जिसके बाद काफी देर तक दोनों ने रिसोर्ट प्रबंधन की सहायता से पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन नहीं मिलने पर गुरुवार तड़के दिव्यांका और विवेक ने इटली में भारतीय राजदूत वाणी राव से संपर्क करने का प्रयास किया।
इसके साथ ही दिव्यांका ने इंटरनेट मीडिया पर इसकी शिकायत करते हुए इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी को भी टैग कर दिया। भारतीय दूतावास ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है। शुक्रवार को दोनों भारतीय दूतावास कार्यालय में पहुंचे। वहीं से उन्हें नया पासपोर्ट दिया जाएगा और वे वापस भारत पहुंच सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button