मोदी सरनेम केस में सीएम भूपेश बघेल बोले- भाजपा राहुल गांधी से डर रही, कुछ भी कर लें, डरेंगे नहीं

रायपुर। राज्य ब्यूरो। गुजरात हाईकोर्ट ने मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को राहत नहीं दी है। कोर्ट के फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने राहुल के समर्थन में प्रदर्शन किया। रायपुर के अंबेडकर चौक पर आयोजित प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अंग्रेज केवल महात्मा गांधी से डरते थे, भाजपा राहुल गांधी से डर रही है। अंग्रेज और भाजपा दोनों फूट डालो राज करो की नीति पर चल रहे हैं। भाजपा के लोग डरे हुए हैं। सच का सामना नहीं कर सकते। राहुल गांधी सच की बात करते हैं, ईमान की बात करते हैं। अब तो लोकसभा से भी सदस्यता समाप्त हो गई है, फिर भी ये डर रहे हैं।

सीएम बघेल ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ने का काम किया। उन्होंने सच्चाई के साथ लड़ाई लड़ी। कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक हर जगह राहुल गांधी के साथ लोग थे। आज देशभर में सबसे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में सबसे प्रिय नेता राहुल गांधी हैं। कश्मीर में फोर्स ने रोका फिर भी नहीं रुके। भाजपाई राहुल गांधी को कितना भी परेशान कर लें, राहुल गांधी न झुकेंगे और न रुकेंगे।

कांग्रेस कोर्ट के फैसले से सहमत नहीं: सिंहदेव

उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले से कांग्रेस न तो सहमत है और न ही संतुष्ट हैं। देश में न्याय प्रणाली के तहत जो रास्ते हैं, वो अपनाएंगे। पीएम मोदी को लेकर सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री के भाषण में एक भी नई बात नहीं थी। उन्हें छत्तीसगढ़ में 36 हजार करोड़ के धान घोटाले की जांच की बात कहनी थी, लेकिन नहीं की। पीएम का दौरा पूरी तरह चुनावी था। वे पिछले चुनाव के पहले आए थे और अब भी चुनाव से पहले आए हैं। बीच में छत्तीसगढ़ उनकी प्राथमिकता में नहीं था। प्रधानमंत्री को सिर्फ चुनाव के समय छत्तीसगढ़ की याद आती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button