ट्रेन में यात्री ने किया चढ़ने का प्रयास, अचानक नीचे गिरा, फिर…

बिलासपुर। जोनल स्टेशन में मंगलवार की शाम एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयासकरते नीचे गिर गया। उसे ट्रेन के नीचे गिरते देख यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। इसके बाद बाहर निकालने के लिए प्लेटफार्म में मौजूद यात्री दौड़े। इतने में जीआरपी थाने का स्टाफ भी पहुंचा। किसी तरह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच गिरे यात्री को बाहर निकाला गया। लेकिन एक हाथ पहिए की चपेट में आने से कट चुका था और बाएं पैर में चोट आई थी। जीआरपी स्टाफ थाने के वाहन से घायल यात्री को लेकर सिम्स पहुंचा। स्वजनों को भी सूचना दे दी गई है।

घटना शाम छह बजे मुंबई-हावड़ा मेल ट्रेन की है। यह ट्रेन प्लेटफार्म एक पर आकर खड़ी हुई। तय समय के बाद प्लेटफार्म से रवाना हुई। इतने में सरकंडा गीतांजलि नगर फेस-2 निवासी प्रकाश मानिकपुरी (40) स्टेशन के गेट क्रमांक तीन से प्रवेश किया और चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ने लगा। धीरे- धीरे ट्रेन रफ्तार भी पकड़ रही थी। इसके बाद भी यात्री दौड़ता रहा। यात्री ने गेट का लोहा पकड़कर जैसे ही चढ़ने की कोशिश की हाथ फिसलकर प्लेटफाम व ट्रेन के बीच खाली जगह पर गिर गया। इस घटना को देखकर सभी के होश उड़ गए।

किसी यात्री ने चेन पुलिंग की। इससे ट्रेन के पहिए थम गए। इसके बाद यात्रियों की भीड़ नीचे गिरे यात्री को बाहर निकालने के लिए दौड़े। यात्रियों की भागदौड़ देखकर जीआरपी थाने प्रभारी हरिश शर्मा, उधव उपाध्याय, कृपाशंकर उपाध्याय, प्रधान आरक्षक सुरेश केरकेट्टा भी मौके पर पहुंचे। प्लेटफार्म ड्यूटी में तैनात आरपीएफ का एक आरक्षक भी पहुंचा। सभी ने मिलकर किसी तरह यात्री को बाहर निकाला। उसकी स्थिति देखकर सभी दहशत में आ गए। एक हाथ कोहनी से कट चुका था। वहीं एक पैर में भी गंभीर चोट थी। खून से लथपथ यात्री को बिना विलंब किए थाने के वाहन से सिम्स लेकर पहुंचे। जीआरपी के अनुसार समय पर उपचार मिलने की वजह से यात्री अब खतरे से बाहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button