संसदीय सचिव जैन ने अतिवृष्टि से हुए मकान और पशु क्षति के लिए पीड़ितों को दी राहत राशि

जगदलपुर. संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने अतिवृष्टि के कारण हुए मकान और पशु क्षति के लिए पीड़ितों को राहत राशि प्रदान की। आज तहसील कार्यालय में उन्होंने आंशिक और पूर्ण मकान क्षति के 176 प्रकरणों के लिए 6 लाख 99 हजार 400 रुपए और पशु क्षति के 6 प्रकरणों में 1 लाख 60 हजार रुपए की राहत राशि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रदान की।
इस अवसर पर श्री रेखचंद जैन ने बाढ़ प्रभावितों से बातचीत करते हुए कहा कि बस्तर अंचल में पिछले दिनों हुई अतिवृष्टि के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार इस क्षेत्र का हाल-चाल लेते रहे और उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को बाढ़ के दौरान लोगों की मदद करने व बाढ़ पीड़ितों का धैर्य बनाए रखने के लिए मार्गदर्शन देते रहे। इसके कारण इस भीषण बाढ़ में भी जन-धन की हानि बहुत ही कम हुई। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री चंदन कुमार की अगुवाई में राजस्व विभाग सहित पूरे जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य प्रारंभ किया और जान-माल की रक्षा की लिए पूरी शक्ति लगा दी और लोगों को समय रहते राहत शिविरों तक पहुंचाया। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में फंसे हुए लोग और सामान को निकाला गया। समस्त शासन-प्रशासन अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण प्रभावितों के साथ है और लोगों को जल्द से जल्द राहत मिले, इसके लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। मकान और पशु क्षति के प्रकरण इस बार सैैकड़ों की संख्या में सामने आए। इन सभी प्रकरणों का त्वरित आंकलन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन की संवेदनशीलता का यह परिणाम है कि बाढ़ पीड़ितों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अवकाश के दिन भी सभी अधिकारी-कर्मचारी जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर पार्षद श्री सुनीता सिंह, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी, श्री सूर्या पाणि, श्रीमती लता निषाद, तहसीलदार श्री पुष्पराज पात्र, नायब तहसीलदार श्रीमती जागेश्वरी पोयाम सहित तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण-नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button