घंटों की पूछताछ के बाद आधी रात गिरफ्तारी, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय राउत से जुड़े बड़े अपडेट

मुंबई. महाराष्ट्र में संजय राउत की गिरफ्तारी के बाद सियासी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। बताना चाहते हैं कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आधी रात 12 बजे संजय राउत की गिरफ्तारी दिखाई है। राउत के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह एक्शन हुआ है। राउत की गिरफ्तारी की जानकारी उनके भाई सुनील राउत ने दी है। इससे पहले रविवार शाम में ईडी ने संजय राउत को हिरासत में लिया था।

संजय राउत की गिरफ्तारी पर उनके भाई सुनील राउत ने बयान दिया है। सुनील ने कहा कि ईडी संजय राउत से डरती है इसलिए उन्हें अरेस्ट कर लिया है। उनका कहना है कि फर्जी दस्तावेज के जरिए संजय राउत को पात्रा चॉल से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। यह गिरफ्तारी राउत की आवाज को दबाने के लिए की गई है। ईडी दफ्तर के बाहर शिवसैनिकों ने जमकर नारेबाजी भी की है।
वहीं खबर है कि संजय राउत को आज पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा। कहा जा रहा है कि राउत के घर से 11.50 लाख रुपये भी जब्त किये गए हैं। संजय राउत से पूछताछ जारी है। ईडी दफ्तर पहुंचने पर राउत ने पत्रकारों से बात भी की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन वह झुकेंगे नहीं।
संजय राउत के घर इससे पहले ईडी ने 9 घंटे तक रेड की थी। यह रेड जांच एजेंसी ने पात्रा चॉल घोटाले से जुडे़ मनी लॉन्ड्रिंग के केस को लेकर की थी। रविवार सुबह ईडी की टीम सुबह 7 बजे मुंबई के भांडुप स्थित राउत के आवास पर पहुंची थी। साथ ही शाम 4 बजे ईडी ने राउत को हिरासत में ले लिया था।
गौर हो कि मुंबई के पात्रा चॉल भूमि घोटाले के केस में दो बार बुलाने पर भी शिवसेना नेता संजय राउत ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद ईडी की टीम रविवार सुबह उनके घर पर पहुंच गई थी। लंबी पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने संजय राउत को रविवार को हिरासत में ले लिया था। घर से निकलते समय संजय राउत ने भगवा कपड़ा लहराया और वहां मौजूद शिवसैनिकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button